कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
केशकाल, 8 अगस्त। कोंडागांव जिले में अंतरराज्यीय अवैध पीडीएस (सार्वजनिक वितरण प्रणाली) चावल तस्करी के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 680 बोरी चावल से भरा एक ट्रक जब्त किया है। कार्रवाई केशकाल एसडीएम और खाद्य विभाग की संयुक्त टीम ने की। बरामद चावल की अनुमानित कीमत 8 लाख 52 हजार रुपये आंकी गई है।
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि चावल आंध्रप्रदेश के तिरुवीरू से लोड कर राजनांदगांव की ओर ले जाया जा रहा था। सूचना मिलने पर संयुक्त टीम ने ट्रक को रोककर जांच की, जिसमें भारी मात्रा में चावल बरामद हुआ। कार्रवाई के दौरान एसडीएम आकांक्षा नायक, जिला विपणन अधिकारी लोकेश देवांगन और जिला खाद्य अधिकारी नवीन श्रीवास्तव मौके पर मौजूद रहे। प्रशासन ने ट्रक को जब्त कर पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। मामले की विस्तृत जांच के बाद रिपोर्ट कलेक्टर को सौंपी जाएगी, जिसके बाद कलेक्टर न्यायालय में प्रकरण की सुनवाई होगी।
ृएसडीएम आकांक्षा नायक ने बताया कि केशकाल क्षेत्र में अवैध रूप से पीडीएस चावल के परिवहन की सूचना मिलने पर खाद्य विभाग के साथ संयुक्त कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान लगभग 640 बोरी पीडीएस चावल बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 8 लाख 52 हजार रुपये है। प्रथम दृष्टया चावल आंध्रप्रदेश के तिरुवीरू से राजनांदगांव की ओर ले जाया जा रहा था। ट्रक और चावल को जप्त कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रिपोर्ट कलेक्टर महोदय को प्रस्तुत की जाएगी, जिसके बाद कलेक्टर न्यायालय में प्रकरण की सुनवाई होगी।
जिला खाद्य अधिकारी नवीन श्रीवास्तव ने बताया कि जप्त किए गए चावल और वाहन के संबंध में सभी आवश्यक दस्तावेजों की जांच की जा रही है। पूरे मामले की विस्तृत जांच के बाद प्रतिवेदन कलेक्टर न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा। जांच में यदि पीडीएस चावल के अवैध परिवहन और तस्करी की पुष्टि होती है तो आवश्यक वस्तु अधिनियम एवं प्रचलित नियमों के तहत वाहन राजसात करने तथा जुर्माना लगाने की कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन अवैध पीडीएस चावल परिवहन और तस्करी के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई जारी रखेगा।