कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’संवाददाता
कोण्डागांव, 8 अगस्त। जिला मुख्यालय कोण्डागांव से लगे ग्राम पंचायत मसोरा में उचित मूल्य दुकान में राशन वितरण के दौरान ग्रामीणों से 200-200 रुपए घर टैक्स के नाम पर वसूली किए जाने का मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि टैक्स की राशि जमा नहीं करने पर उन्हें राशन नहीं देने की बात कही जा रही है। मामले में ग्रामीणों ने इसे सार्वजनिक वितरण प्रणाली के नियमों का उल्लंघन बताते हुए विरोध जताया है।
ग्रामीण राकेश चक्रधारी ने बताया कि ग्राम पंचायत द्वारा घर टैक्स की वसूली की जा रही है। कई लोगों द्वारा टैक्स जमा नहीं करने के कारण पंचायत के सरपंच-सचिव के निर्णय से राशन लेने आने वाले लोगों से उचित मूल्य दुकान में ही 200 रुपए लिए जा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि टैक्स की रसीद नहीं लेने तक चावल नहीं देने की बात कही गई। वहीं ग्रामीणों का कहना है कि राशन सरकार द्वारा दिया जाता है, इसलिए टैक्स वसूली के नाम पर राशन रोकना उचित नहीं है।
ग्रामीण श्वेता कोर्राम ने आरोप लगाया कि उनसे 200 रुपए मांगे गए और कहा गया कि राशि नहीं देने पर चावल नहीं मिलेगा। उन्होंने कहा कि गांव में पंचायत के माध्यम से इस तरह राशि नहीं ली जानी चाहिए। वहीं संध्या कोर्राम ने बताया कि उन्होंने घर टैक्स के नाम पर 200 रुपए जमा किए हैं और राशि नहीं देने पर राशन रोकने की बात कही गई।
इस मामले में ग्राम पंचायत मसोरा की सरपंच सुकली बाई मरकाम ने बताया कि शासन के निर्देश पर घर टैक्स जमा कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरपंच-सचिवों की बैठक में टैक्स वसूली के संबंध में जानकारी दी गई थी। हालांकि बातचीत के दौरान उन्होंने यह भी कहा कि रसीद लेने के बाद राशन दिया जा रहा है। उनसे राशन और टैक्स को अलग-अलग प्रक्रिया होने की बात पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि यदि कोई राशि जमा नहीं करता है तो इसकी जानकारी उच्च अधिकारियों को दी जाएगी। इधर, मामले में जनपद पंचायत कोण्डागांव के सीईओ उत्तम कुमार ने दूरभाष से संपर्क करने पर बताया कि राज्य शासन के निर्देश पर ग्राम पंचायत स्तर पर टैक्स वसूली की जा रही है, लेकिन टैक्स जमा नहीं करने पर पीडीएस राशन रोकने का कोई निर्देश नहीं है।
उन्होंने कहा कि यदि ऐसा किया जा रहा है तो मामले की जांच कराई जाएगी।