कोण्डागांव

कलेक्टर ने धनोरा क्षेत्र के दूरस्थ गांवों का किया दौरा
07-Aug-2026 11:02 PM
कलेक्टर ने धनोरा क्षेत्र के दूरस्थ गांवों का किया दौरा

केशकाल, 7 अगस्त। कोंडागांव कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना ने शुक्रवार को धनोरा क्षेत्र के जिले के सीमावर्ती एवं दूरस्थ गांवों का दौरा कर प्रधानमंत्री ग्राम सडक़ योजना (पीएमजीएसवाय) के तहत निर्माणाधीन सडक़ कार्यों का स्थल निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लेते हुए अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने तथा निर्धारित मापदंडों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण निर्माण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान एसडीएम केशकाल आकांक्षा नायक, प्रधानमंत्री ग्राम सडक़ योजना के कार्यपालन अभियंता बलराम ठाकुर, सब इंजीनियर सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

कलेक्टर ने ग्राम तोड़ासी से गद्दाड़, ग्राम बिंझे से चिखलाडीह तथा ग्राम कलेपाल से पराली तक निर्माणाधीन सडक़ मार्गों का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से निर्माण कार्य की वर्तमान स्थिति, गुणवत्ता, स्वीकृत लागत एवं निर्धारित समय-सीमा के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि ग्रामीण क्षेत्रों में सडक़ संपर्क बेहतर होने से शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, कृषि विपणन तथा अन्य शासकीय सेवाओं तक ग्रामीणों की पहुंच सुगम होगी। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या गुणवत्ता से समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।


अन्य पोस्ट