कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
केशकाल, 7 अगस्त। आंगनबाड़ी केंद्र तहसील पारा-2 में गोद लिए गए बच्चे एवं उसके माता-पिता के साथ जन्मदिन उत्साहपूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर बच्चे के बेहतर स्वास्थ्य, संतुलित पोषण एवं नियमित देखभाल का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में रियान कश्यप, पिता नुकेश कश्यप एवं माता मनीता कश्यप की उपस्थिति में जन्मदिन मनाया गया। इस दौरान बच्चे के स्वास्थ्य की समीक्षा भी की गई। जानकारी के अनुसार जून 2026 में रियान का वजन 12.5 किलोग्राम एवं लंबाई 97.5 सेंटीमीटर थी, जो वर्तमान में बढक़र 12.7 किलोग्राम वजन एवं 99 सेंटीमीटर लंबाई हो गई है। यह नियमित पोषण, स्वास्थ्य परीक्षण एवं परिवार के सहयोग का सकारात्मक परिणाम है।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री ग्राम सडक़ योजना (पीएमजीएसवाई) के कार्यपालन अभियंता बलराम ठाकुर ने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए नियमित पोषण, संतुलित आहार, समय-समय पर स्वास्थ्य परीक्षण तथा अभिभावकों की जागरूकता अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि यदि बच्चों को नियमित रूप से पौष्टिक आहार उपलब्ध कराया जाए।
और उनकी सतत निगरानी की जाए, तो उनका वजन एवं शारीरिक विकास बेहतर ढंग से बढ़ता है। ऐसे प्रयास कुपोषण को समाप्त करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने बच्चों के स्वस्थ एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए अभिभावकों से आंगनबाड़ी केंद्रों की सेवाओं का नियमित लाभ लेने तथा बच्चों के पोषण पर विशेष ध्यान देने का आग्रह किया।