कोण्डागांव

राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता सुखचंद पोयाम की स्मृति में मर्दापाल चौक के नामकरण की मांग
06-Aug-2026 11:14 PM
राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता  सुखचंद पोयाम की स्मृति में मर्दापाल चौक के नामकरण की मांग

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोंडागांव, 6 अगस्त। देश-विदेश में अपनी कला की छाप छोडऩे वाले घड़वा धातु हस्तशिल्प के सिद्धहस्त शिल्पी एवं राष्ट्रीय पुरस्कार (1970) से सम्मानित स्वर्गीय सुखचंद पोयाम की पुण्य स्मृति में कोंडागांव जिला मुख्यालय स्थित मर्दापाल चौक का नामकरण उनके नाम पर करने की मांग की गई है।

मूलत: सोनापाल (सोनापाल परगना) के निवासी स्व. पोयाम ने कोंडागांव के भेलवांपदर पारा में अपना निवास बनाकर धातु हस्तशिल्प को अपनी आजीविका का साधन बनाया था। उनके साथ अन्य स्थानीय शिल्पकारों के प्रयासों से भेलवांपदर का यह क्षेत्र धीरे-धीरे हस्तशिल्प के एक प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित हुआ। कोंडागांव की मौलिक आदिम जीवनशैली और संस्कृति को दर्शाती इस कला ने देश के महानगरों सहित विदेशों तक पहचान बनाई।

अंतरराष्ट्रीय मंचों पर राज्य का प्रतिनिधित्व

अपनी कला और समर्पण के बल पर स्व. सुखचंद पोयाम ने दक्षिण अमेरिकी राष्ट्र कोलंबिया तथा फ्रांस की राजकीय यात्राएं कीं और छत्तीसगढ़ की कला-संस्कृति को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाई। कोंडागांव को आज ढोकरा (बेलमेटल), लौह कला, टेराकोटा, काष्ठ और बांस हस्तशिल्प के लिए जो वैश्विक ख्याति प्राप्त है, उसमें उनका महत्वपूर्ण योगदान माना जाता है।

राज्य अलंकरण के प्रथम ताम्रपत्र का निर्माण

स्व. पोयाम के जीवनकाल की प्रमुख उपलब्धियों में छत्तीसगढ़ राज्य अलंकरण के प्रथम ताम्रपत्र की मूल संरचना और निर्माण शामिल है। राज्य निर्माण के पश्चात आयोजित स्थापना दिवस समारोह में तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी द्वारा विभूतियों को यही राज्य अलंकरण प्रदान किया गया था।

क्षेत्रीय कला-संस्कृति में उनके योगदान को देखते हुए स्थानीय नागरिकों एवं कला प्रेमियों ने नगरपालिका क्षेत्र के मर्दापाल चौक का नामकरण स्वर्गीय सुखचंद पोयाम के नाम पर करने का आग्रह किया है, ताकि भावी पीढ़ी उनकी कलात्मक विरासत से प्रेरणा ले सके।


अन्य पोस्ट