कोण्डागांव

उत्कृष्ट कार्य करने वाले 4 पुलिसकर्मी हुए सम्मानित
06-Aug-2026 11:12 PM
उत्कृष्ट कार्य करने वाले 4 पुलिसकर्मी हुए सम्मानित

दो आरक्षकों को एसपी ने दिया नगद पुरस्कार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

केशकाल, 6 अगस्त। कोंडागांव जिले में उत्कृष्ट पुलिसिंग, कर्तव्यनिष्ठा और सराहनीय कार्य करने वाले पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा ने गुरुवार को कॉप ऑफ द मंथ सम्मान से सम्मानित किया। इस दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति प्रमाणपत्र प्रदान कर उनके कार्यों की सराहना की गई।

सम्मानित होने वालों में डीएसबी शाखा में पदस्थ सहायक उपनिरीक्षक उमेश कुमार मिश्रा, साइबर सेल कोंडागांव में पदस्थ प्रधान आरक्षक अजय बघेल तथा थाना केशकाल में पदस्थ आरक्षक धर्मेंद्र नेगी एवं आरक्षक मनोहर निषाद शामिल हैं। पुलिस अधीक्षक ने सभी को ‘एम्प्लॉई ऑफ द मंथ’ का प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। वहीं, थाना केशकाल में पदस्थ आरक्षक धर्मेंद्र नेगी और आरक्षक मनोहर निषाद को गांजा तस्करी के विरुद्ध प्रभावी कार्यवाही कबलिये 200-200 रु की नगद पुरस्कार राशि देकर विशेष रूप से उत्साहवर्धन भी किया गया।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा ने कहा कि पुलिस सेवा में ईमानदारी, अनुशासन, संवेदनशीलता और समर्पण ही सबसे बड़ी पहचान है। उन्होंने सभी अधिकारी-कर्मचारियों से पूरी लगन, निष्ठा और टीम भावना के साथ कार्य करते हुए आमजन को बेहतर पुलिस सेवा उपलब्ध कराने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को समय-समय पर सम्मानित किया जाता रहेगा, जिससे पूरे पुलिस बल में सकारात्मक प्रतिस्पर्धा और बेहतर कार्य संस्कृति विकसित होगी।

पुलिस अधीक्षक ने सभी सम्मानित अधिकारी-कर्मचारियों को भविष्य में भी इसी समर्पण और जिम्मेदारी के साथ कार्य करते रहने के लिए प्रेरित किया तथा कहा कि जनता का विश्वास जीतना ही पुलिस की सबसे बड़ी उपलब्धि है।

सम्मान समारोह के दौरान उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सम्मानित साथियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।


अन्य पोस्ट