कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 6 अगस्त। जिला के बड़ेराजपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत कोपरा के भंडारपारा में मंगलवार को ग्रामीणों ने स्वच्छता और सामुदायिक भागीदारी का संदेश देते हुए श्रमदान किया। इस अभियान में बड़ेराजपुर जनपद सदस्य अंजली शोरी ने ग्रामीणों के साथ मिलकर नाली साफ-सफाई और सडक़ मरम्मत में सहयोग किया।
श्रमदान के दौरान भंडारपारा के युवाओं और ग्रामीणों ने नालियों की सफाई की तथा सडक़ पर बने गड्ढों को मिट्टी डालकर समतल किया। गांव के युवाओं महादेव कुंजाम, दिनेश कुंजाम सहित अन्य ग्रामीणों ने अपने परिवार के साथ अभियान में भागीदारी निभाई। ग्राम कोपरा के कोटवार प्रकाश कोर्राम ने भी श्रमदान कर सहयोग किया।
ग्रामीणों ने कहा कि केवल व्यक्तिगत स्वच्छता ही नहीं, बल्कि आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखना भी प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है। सार्वजनिक स्थानों पर कचरा नहीं फैलाने और कचरे का उचित निपटान करने से गांव को स्वच्छ और स्वस्थ बनाया जा सकता है। इस दौरान ग्रामीणों ने स्वच्छ गांव, सुंदर गांव बनाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर पंचु कुंजाम, उमेश शोरी, मनरखान, सुकड़ु, अवंतिका, भगवती, विद्या कुंजाम, ललेश्वरी, सोनिया, संध्या, कविता कुंजाम, बुधनी, उमेश्वरी, पंचबती, निर्मला, देवंती सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।