कोण्डागांव

गांजा तस्करी: 10 साल कैद, एक लाख जुर्माना
05-Aug-2026 10:49 PM
गांजा तस्करी: 10 साल कैद, एक लाख जुर्माना

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोण्डागांव, 5 अगस्त। विशेष न्यायालय (एनडीपीएस एक्ट 1985) कोण्डागांव ने गांजा तस्करी के मामले में आरोपी विवेक कुमार दुबे को दोषी ठहराते हुए 10 वर्ष के सश्रम कारावास और एक लाख रुपये अर्थदंड की सजा सुनाई है। अर्थदंड जमा नहीं करने पर आरोपी को अतिरिक्त एक वर्ष का सश्रम कारावास भुगतना होगा।

मामला थाना केशकाल क्षेत्र का है। अभियोजन के अनुसार 3 फरवरी 2024 को पुलिस को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति मोटरसाइकिल से अवैध रूप से गांजा का परिवहन कर रहा है।

सूचना के आधार पर पुलिस ने केशकाल के आईटीआई चौक के सामने एचएच-30 मुख्य मार्ग पर कार्रवाई करते हुए टीवीएस राइडर मोटरसाइकिल क्रमांक यूपी 63 एजेड 8412 को रोककर जांच की थी। जांच के दौरान आरोपी विवेक कुमार दुबे उत्तर प्रदेश के कब्जे से 21.050 किलोग्राम मादक पदार्थ गांजा बरामद किया गया था।

इस मामले में थाना केशकाल में अपराध दर्ज कर विशेष दाण्डिक प्रकरण क्रमांक 13/2024 के तहत न्यायालय में सुनवाई हुई। विशेष न्यायाधीश (एनडीपीएस एक्ट 1985) कोण्डागांव खिलावन राम रिगरी ने आरोपी को एनडीपीएस एक्ट की धारा  के तहत दोषसिद्ध करते हुए यह सजा सुनाई।

लोक अभियोजक हेमंत गोस्वामी ने बताया कि आरोपी जगदलपुर से रायपुर की ओर मोटरसाइकिल से गांजा ले जा रहा था, जिसे पुलिस ने केशकाल में पकडक़र 21 किलो से अधिक गांजा बरामद किया था। उन्होंने बताया कि अभियोजन की ओर से अधिवक्ता रुकमणि मरकाम ने प्रभावी पैरवी करते हुए मामले को प्रमाणित किया, जिसके आधार पर न्यायालय ने आरोपी को दोषी मानते हुए 10 वर्ष के सश्रम कारावास और एक लाख रुपये अर्थदंड की सजा दी है। आरोपी द्वारा विचारण के दौरान जेल में बिताए गए 559 दिनों की अवधि को नियमानुसार कुल सजा में समायोजित किया जाएगा।


अन्य पोस्ट