कोण्डागांव

कलेक्टर ने अस्पतालों का किया निरीक्षण
05-Aug-2026 10:48 PM
कलेक्टर ने अस्पतालों का किया निरीक्षण

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

 दंतेवाड़ा, 5 अगस्त। कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव द्वारा दंतेवाड़ा के मुख्य स्वास्थ्य संस्थानों- टेकनार स्थित अस्थायी मेडिकल कॉलेज, जिला अस्पताल, आयुष पॉलीक्लिनिक, मेडिकल कॉलेज, गीदम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का बुधवार को गहन जायजा लिया गया। उन्होंने अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा में बेहतर कार्य करने के निर्देश दिए।

मेडिकल कॉलेज कार्यों को अल्टीमेटम

कलेक्टर ने टेकनार स्थित अस्थायी मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण कर आगामी माह से प्रस्तावित मेडिकल कॉलेज संचालन की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने पेयजल, बिजली, शौचालय, बाउंड्रीवाल सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं का अवलोकन करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि मेडिकल कॉलेज के सुचारू संचालन के लिए आवश्यक सभी व्यवस्थाएं अगस्त अंत तक पूर्ण की जाएं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों एवं चिकित्सा सेवाओं से जुड़े सभी कार्य समय-सीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं, जिससे मेडिकल कॉलेज का संचालन बिना किसी बाधा के प्रारंभ हो सके।

 बेहतर हो निर्माण

कलेक्टर ने जिला अस्पताल पहुंचकर फिजियोथेरेपी कक्ष एवं बर्न यूनिट के निर्माण कार्यों की प्रगति का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने तथा गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही अस्पताल भवन की छत पर प्रभावी वॉटरप्रूफिंग कराने एवं बाल वार्ड में बेहतर वायु संचार के लिए एयर वेंटिलेशन सिस्टम स्थापित करने के निर्देश भी दिए। अस्पताल परिसर की साफ-सफाई व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए उन्होंने परिसर को पूर्णत: स्वच्छ एवं तंबाकू मुक्त बनाए रखने पर जोर दिया। उन्होंने कोटपा अधिनियम के तहत तंबाकू उत्पादों के सेवन के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए अभियान इस माह से तथा सितंबर माह से नियमों का उल्लंघन करने वालों पर जुर्माना लगाने की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि मरीजों एवं उनके परिजनों को स्वच्छ, सुरक्षित और बेहतर स्वास्थ्य वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

 शुरू करें पंचकर्म

 श्री ध्रुव ने चितालंका स्थित आयुष पॉलीक्लीनिक का निरीक्षण कर शीघ्र प्रारंभ होने वाली पंचकर्म एवं आयुर्वेदिक शल्य चिकित्सा इकाई की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने शेष कार्यों को जल्द पूरा कर आगामी माह से पाइल्स (अर्श) एवं भगंदर के आयुर्वेदिक उपचार सहित पंचकर्म सेवाएं शुरू करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। इससे जिलेवासियों को स्थानीय स्तर पर बेहतर आयुष स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिलेगा।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने चितालंका स्थित निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज का भी अवलोकन किया और विभिन्न भवनों के निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने निर्माण एजेंसी के इंजीनियरों से कार्यों की वर्तमान स्थिति एवं आगामी कार्ययोजना की जानकारी लेते हुए तकनीकी मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण निर्माण सुनिश्चित करने तथा नियमित मॉनिटरिंग के माध्यम से कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। इसके बाद कलेक्टर ने गीदम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण कर साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत, शौचालय एवं अन्य आवश्यक मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए परिसर की नियमित साफ-सफाई बनाए रखने तथा आवश्यक व्यवस्थाओं में शीघ्र सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।

आदिम कैफे और मिलेट कैफे के शीघ्र मरम्मत के दिए निर्देश

निरीक्षण के क्रम में कलेक्टर ने पूर्व में आई बाढ़ से क्षतिग्रस्त आदिम कैफे एवं मिलेट कैफे का भी अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को मरम्मत,सिविल कार्य शीघ्र पूर्ण कर दोनों कैफे को जल्द से जल्द पुन: संचालित करने के निर्देश दिए, ताकि स्थानीय लोगों एवं आगंतुकों को पुन: इन सुविधाओं का लाभ मिल सके।

  इस दौरान ईई, शिवलाल ठाकुर, डीन मेडिकल कॉलेज, डॉ टीकू सिन्हा,सीएमएचओ डॉ अजय रामटेके, सिविल सर्जन डॉ अभय तोमर और सीईओ प्रांजल प्रजापति प्रमुख रूप से मौजूद मौजूद थे।


अन्य पोस्ट