कोण्डागांव
कोंडागांव, 5 अगस्त। जिला मुख्यालय अंतर्गत पीएम श्री प्राथमिक शाला जामपदर डिपोपारा में प्रधान अध्यापिका को हटाए जाने के एक सप्ताह बाद भी उनके स्थान पर नए शिक्षक की नियुक्ति नहीं होने से पालकों में नाराजगी बढ़ गई है। विद्यालय में वर्तमान में केवल एक सहायक शिक्षिका पदस्थ है, जिसके भरोसे पूरे स्कूल का संचालन किया जा रहा है। इससे बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है।
गौरतलब है कि एक सप्ताह पहले वार्डवासियों ने प्रधान अध्यापिका पर गंभीर आरोप लगाते हुए स्कूल में तालाबंदी कर उन्हें हटाने की मांग की थी। प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए प्रधान अध्यापिका को वहां से हटा दिया था और उनके स्थान पर नए शिक्षक की पदस्थापना का आश्वासन दिया था। लेकिन एक सप्ताह बीत जाने के बाद भी नए शिक्षक की नियुक्ति नहीं की गई है।
इसी मांग को लेकर विद्यालय के पालक जिला कार्यालय पहुंचे और कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपते हुए तत्काल नए शिक्षक की व्यवस्था करने की मांग की। पालकों ने बताया कि वर्तमान में केवल एक सहायक शिक्षिका होने के कारण शैक्षणिक व्यवस्था प्रभावित हो रही है और बच्चों का भविष्य दांव पर लगा हुआ है।
पालकों के अनुसार कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना ने सोमवार तक नए शिक्षक की व्यवस्था कराने का आश्वासन दिया है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सोमवार तक प्रधान अध्यापिका के स्थान पर नए शिक्षक की नियुक्ति नहीं की गई, तो वे पुन: विद्यालय में तालाबंदी कर आंदोलन करने के लिए विवश होंगे।