कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 4 अगस्त। सामाजिक सेवा के क्षेत्र में कार्यरत संस्था ‘हेल्पिंग हैंड्स क्लब फाउंडेशन’ द्वारा 2 अगस्त को रायपुर स्थित मेकाहारा अस्पताल में आयोजित एक कार्यक्रम में शिवचरण साहू को ‘छत्तीसगढ़ रत्न सम्मान 2026’ प्रदान किया गया।
आयोजकों के अनुसार, शिवचरण साहू और उनकी ‘इंद्रधनुष टीम’ द्वारा शिक्षा, सामाजिक सेवा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में कार्य किया जा रहा है। शिवचरण साहू द्वारा अब तक 60 बार रक्तदान किया जा चुका है, साथ ही उन्होंने मरणोपरांत देहदान की घोषणा भी की है।
इन्हीं सेवाओं को ध्यान में रखते हुए हेल्पिंग हैंड्स क्लब फाउंडेशन की राज्य स्तरीय चयन समिति द्वारा उनका चयन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि वित्त मंत्री ओपी चौधरी एवं मंत्री गुरु सुखवंत साहेब द्वारा उन्हें प्रशस्ति पत्र, शॉल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया।
सम्मान प्राप्ति के बाद शिवचरण साहू ने मीडिया, अपनी टीम और समाज का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे समाज के प्रति अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर रहे हैं। इस अवसर पर इंद्रधनुष टीम के नीरज ठाकुर, हीरालाल चूरेन्द्र, हीना साहू सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।