कोण्डागांव

गांजा तस्करी: 4 आरोपियों को 10-10 साल कैद
01-Aug-2026 9:46 PM
गांजा तस्करी: 4 आरोपियों को 10-10 साल कैद

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोण्डागांव, 1 अगस्त। जिला के फरसगांव क्षेत्र में ट्रक के माध्यम से गांजा तस्करी करने के मामले में कोण्डागांव के विशेष न्यायालय ने चार आरोपियों को दोषी ठहराते हुए 10-10 वर्ष के सश्रम कारावास और एक-एक लाख रुपये अर्थदंड की सजा सुनाई है। मामले में फरसगांव निवासी आरोपी सुब्रत राय उर्फ सुबो सहित अन्य राज्यों के तीन आरोपियों को दोषसिद्ध किया गया है।

प्रकरण के अनुसार 26 मई 2024 को फरसगांव थाना पुलिस ने बिजली ऑफिस के सामने एनएच-30 मुख्य मार्ग पर कार्रवाई करते हुए 10 चक्का ट्रक क्रमांक सीजी 04 जेसी 9732 से गांजा तस्करी करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया था। पुलिस जांच में ट्रक के केबिन और डाला के बीच बनाए गए विशेष चेंबर से 110.570 किलो अवैध मादक पदार्थ गांजा बरामद किया गया था।

इस मामले में विशेष न्यायालय कोण्डागांव (स्वापक औषधि एवं मन:प्रभावी पदार्थ अधिनियम, 1985 के तहत गठित) में प्रकरण प्रस्तुत किया गया। न्यायालय के पीठासीन अधिकारी विशेष न्यायाधीश खिलावन राम रिगरी ने प्रकरण में प्रस्तुत साक्ष्यों और गवाहों के परीक्षण के बाद चारों आरोपियों को दोषी पाया।

दोषसिद्ध आरोपियों में सतीश चन्द्र प्रजापति उत्तर प्रदेश, शुभम सिंह पटेल उत्तर प्रदेश, परमेश्वर खीला ओडिशा और सुब्रत राय उर्फ सुबो कोण्डागांव शामिल हैं।

न्यायालय ने चारों आरोपियों को स्वापक औषधि एवं मन:प्रभावी पदार्थ अधिनियम, 1985 के तहत दोषी मानते हुए 10-10 वर्ष के सश्रम कारावास और 1-1 लाख रुपये अर्थदंड की सजा सुनाई है। अर्थदंड जमा नहीं करने की स्थिति में आरोपियों को एक वर्ष का अतिरिक्त सश्रम कारावास भुगतना होगा। मामले में शासन की ओर से विशेष लोक अभियोजक रूकमणी मरकाम ने पैरवी की। लोक अभियोजक हेमंत गोस्वामी ने बताया कि पुलिस थाना फरसगांव द्वारा आरोपियों के विरुद्ध प्रकरण तैयार कर न्यायालय में अभियोग पत्र प्रस्तुत किया गया था। अभियोजन की प्रभावी पैरवी और प्रस्तुत साक्ष्यों के आधार पर न्यायालय ने चारों आरोपियों को दोषी मानते हुए यह सजा सुनाई है।


अन्य पोस्ट