कोण्डागांव

सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती पर कई स्पर्धाएं
30-Jul-2026 10:29 PM
सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती पर कई स्पर्धाएं

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोंडागांव, 30 जुलाई। भारत के लौह पुरुष एवं देश की एकता और अखण्डता के शिल्पकार सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में रक्षित केन्द्र (पुलिस लाइन) कोण्डागांव में जिला स्तरीय निबंध, चित्रकला एवं रंगोली प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया।

 प्रतियोगिता में जिले के 12 विद्यालयों से लगभग 100 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने अपनी रचनात्मकता, कला-कौशल एवं विचारों के माध्यम से सरदार वल्लभभाई पटेल के व्यक्तित्व एवं उनके कार्यों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।

प्रतियोगिता का मूल्यांकन निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से निर्णायक समिति द्वारा किया गया। निर्णायक समिति की अध्यक्ष ऋ चा पंकज चंद्रा तथा सदस्य रुचि कुमार एवं पूनम राजपूत ने सभी प्रतिभागियों के प्रदर्शन का सूक्ष्म मूल्यांकन करते हुए प्रत्येक प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों का प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान के लिए चयन किया।

निर्णायक मंडल ने प्रतिभागियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि विद्यार्थियों की रचनात्मक सोच, कलात्मक अभिव्यक्ति एवं राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना अत्यंत प्रेरणादायी रही। प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों को देश के महान राष्ट्रनायक सरदार वल्लभभाई पटेल के जीवन, आदर्शों एवं उनके अमूल्य योगदान को जानने और समझने का अवसर प्राप्त हुआ।


अन्य पोस्ट