कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोंडागांव, 30 जुलाई। सरस्वती सायकिल योजना के अंतर्गत विकासखंड कोंडागांव के ग्राम कमेला स्थित शासकीय हाई स्कूल में मंगलवार को 17 छात्राओं को नि:शुल्क सायकिलों का वितरण किया गया। कार्यक्रम में बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं स्थानीय विधायक लता उसेंडी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं।
इस अवसर पर विधायक लता उसेंडी ने कहा कि सरस्वती सायकिल योजना बालिकाओं की नियमित विद्यालयीन उपस्थिति बढ़ाने, उन्हें आत्मनिर्भर बनाने तथा शिक्षा के प्रति उनकी रुचि विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। उन्होंने कहा कि सायकिल मिलने से छात्राओं को विद्यालय आने-जाने में सुविधा होगी, जिससे वे बिना किसी बाधा के नियमित रूप से अपनी पढ़ाई जारी रख सकेंगी। उन्होंने छात्राओं से शिक्षा को अपने जीवन का आधार बनाकर आगे बढऩे का आह्वान करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य रामदई नाग, जनपद पंचायत अध्यक्ष अनिता कोर्राम, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष टोमेन्द्र सिंह ठाकुर, जनपद सदस्य फागेश्वरी, प्रेम सिंह नाग, सुरेश कुमार देवांगन, सुरेश देवांगन, बालसिंह बघेल, संतोष पात्रे सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, ग्रामीणजन एवं विद्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान ग्राम कमेला में परमानंद के घर से बदर के घर तक सी.सी. सडक़ एवं शेड निर्माण कार्य (लागत 5.20 लाख) तथा शासकीय हाई स्कूल कमेला में अतिरिक्त कक्ष निर्माण कार्य (लागत 5 लाख) का भूमिपूजन भी किया गया। कुल 10.20 लाख की लागत से होने वाले इन विकास कार्यों से क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होगा तथा विद्यार्थियों और ग्रामीणों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।