कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोंडागांव, 28 जुलाई। अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद द्वारा कोंडागांव में कारगिल विजय दिवस का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पूर्व सैनिकों और सैन्य प्रशिक्षण ले रहे युवाओं ने विकास नगर स्टेडियम से बंग सामाजिक भवन तक रैली निकाली।
कार्यक्रम की शुरुआत भारत माता और छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। इसके बाद कारगिल युद्ध के शहीदों की याद में दो मिनट का मौन रखा गया। कार्यक्रम के दौरान संगठन का राष्ट्रीय गीत गाया गया और उपस्थित पूर्व सैनिकों का स्वागत किया गया।
बस्तर संभाग प्रभारी सुब्रत साहा ने कारगिल युद्ध के इतिहास और इसके महत्व पर अपने विचार रखे। समारोह में वरिष्ठ पूर्व सैनिकों, नि:शुल्क सैन्य प्रशिक्षण देने वाले प्रशिक्षकों तथा कारगिल युद्ध में शामिल रहे परिषद के उपाध्यक्ष अजनेर लकड़ा को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में बच्चों और सैन्य प्रशिक्षणार्थियों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं, जिसके बाद प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र और पुरस्कार वितरित किए गए। इस दौरान संगठन का विस्तार करते हुए दो नए पूर्व सैनिकों को परिषद की सदस्यता दिलाई गई। कार्यक्रम के समापन पर जिलाध्यक्ष सूरज यादव ने उपस्थित लोगों, सहयोगियों और प्रशासन के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया।
इस अवसर पर संगठन के संरक्षक सुब्रत साहा, जिलाध्यक्ष सूरज यादव, उपाध्यक्ष अजनेर लकड़ा, कोषाध्यक्ष सोमेश्वर भारती, सहसचिव रवि ठाकुर, सैन्य मातृशक्ति अध्यक्ष चांदनी कोर्राम सहित कई सदस्य और लगभग 150 प्रशिक्षणार्थी उपस्थित थे।