कोण्डागांव
कोण्डागांव, 28 जुलाई। आयकर विभाग द्वारा आकलन वर्ष 2026-27 के लिए इनकम टैक्स रिटर्न (आईटीआर) दाखिल करने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। करदाताओं को समय सीमा के भीतर अपना आयकर रिटर्न दाखिल करने की सलाह देते हुए कोण्डागांव के प्राइवेट सीए सर्विस प्रोवाइडर सीए मनीष सोनी ने बताया कि निर्धारित समय पर रिटर्न फाइल नहीं करने पर विलंब शुल्क (लेट फीस) के साथ अन्य कानूनी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। सीए मनीष सोनी ने बताया कि अलग-अलग श्रेणी के करदाताओं के लिए आयकर रिटर्न दाखिल करने की अंतिम तिथियां निर्धारित की गई हैं। वेतनभोगी और पेंशनभोगी करदाताओं, जिनके लिए आईटीआर-1 एवं आईटीआर-2 लागू होता है, उनके लिए रिटर्न दाखिल करने की अंतिम तिथि 31 जुलाई निर्धारित है।
उन्होंने बताया कि ऐसे व्यवसायी और पेशेवर जिनके खातों का टैक्स ऑडिट आवश्यक नहीं है और जो आईटीआर-3 एवं आईटीआर-4 के अंतर्गत आते हैं, उनके लिए रिटर्न दाखिल करने की अंतिम तिथि 31 अगस्त है। वहीं जिन कंपनियों, फर्मों या व्यक्तियों के खातों का ऑडिट अनिवार्य है, उनके लिए आयकर रिटर्न दाखिल करने की अंतिम तिथि 31 अक्टूबर निर्धारित की गई है। इसके अलावा अंतरराष्ट्रीय लेनदेन या विशिष्ट घरेलू लेनदेन से जुड़े ट्रांसफर प्राइसिंग मामलों में रिटर्न दाखिल करने की अंतिम तिथि 30 नवंबर तय की गई है। सीए मनीष सोनी ने करदाताओं से अपील की है कि वे अंतिम समय की परेशानियों से बचने के लिए आवश्यक दस्तावेजों के साथ समय पर अपना आयकर रिटर्न दाखिल करें।
उन्होंने बताया कि सही समय पर आईटीआर दाखिल करने से अनावश्यक शुल्क और कानूनी जटिलताओं से बचा जा सकता है।