कोण्डागांव
शहीदों को दी श्रद्धांजलि और लगाए 510 पौधे
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 27 जुलाई। 188वीं बटालियन केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) कोण्डागांव में सोमवार को केरिपुबल का 88वां स्थापना दिवस धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर कमांडेंट एओडी नीतीन्द्रनाथ के मार्गदर्शन एवं नेतृत्व में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें शहीदों को श्रद्धांजलि, सैनिक सम्मेलन, सम्मान समारोह और वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम शामिल रहा।
स्थापना दिवस कार्यक्रम की शुरुआत क्वार्टर गार्ड परिसर में कमांडेंट एओडी नीतीन्द्रनाथ द्वारा सेरेमोनियल गार्ड के निरीक्षण के साथ हुई। इस दौरान गार्ड द्वारा उन्हें सलामी दी गई। इसके बाद राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर मुख्यालय कोण्डागांव के समीप स्थित शहीद स्मारक पहुंचकर बस्तर क्षेत्र को नक्सल मुक्त बनाने के अभियान में अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर जवानों और अधिकारियों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। शहीदों की स्मृति में पुष्पचक्र अर्पित कर उन्हें नमन किया गया।
इसके बाद सैनिक सम्मेलन का आयोजन किया गया, जिसमें उत्कृष्ट कार्य करने वाले कार्मिकों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कमांडेंट नीतीन्द्रनाथ ने सीआरपीएफ के 88वें स्थापना दिवस पर सभी अधिकारियों, अधीनस्थ अधिकारियों, जवानों और उनके परिवारजनों को शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने कहा कि सीआरपीएफ अपने गौरवशाली इतिहास में वीरता, अदम्य साहस, सर्वोच्च बलिदान और कर्तव्यनिष्ठा के लिए जाना जाता है। बल द्वारा देश की आंतरिक सुरक्षा सहित विभिन्न महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया जा रहा है। इस अवसर पर भारत सरकार के वृहद वृक्षारोपण अभियान के तहत 188वीं बटालियन द्वारा बड़े पैमाने पर पौधरोपण किया गया। मुख्यालय चिकलपुट्टी कैंप परिसर सहित वाहिनी की अन्य कंपनियों केशकाल (जिला कोण्डागांव), पालेम एवं मारीपारा (जिला सुकमा) तथा पुसपालघाट (जिला बस्तर) में लगभग 510 फलदार एवं औषधीय पौधे लगाए गए।
स्थापना दिवस के अवसर पर शाम को मुख्यालय चिकलपुट्टी में विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें रस्साकस्सी और वॉलीबॉल प्रतियोगिता प्रमुख रही। इसके बाद बड़ा खाने का आयोजन किया गया, जिसमें अधिकारियों और जवानों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। वाहिनी की दूरस्थ क्षेत्रों में तैनात सभी कंपनियों में भी स्थापना दिवस के अवसर पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए।
कार्यक्रम में उप कमांडेंट दीपक सिंह, उप कमांडेंट मुकेश, चिकित्सा अधिकारी डॉ. राहुल चंद्रन आरपी सहित वाहिनी के अधिकारी, अधीनस्थ अधिकारी और जवानों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई।