कोण्डागांव
कोंडागांव, 26 जुलाई। वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप ने शनिवार को जनपद पंचायत कोंडागांव अंतर्गत ग्राम मर्दापाल में नवनिर्मित ग्राम पंचायत भवन एवं महतारी सदन भवन की सौगात दी। उन्होंने लगभग 12 लाख रुपये की लागत से निर्मित ग्राम पंचायत भवन तथा लगभग 25 लाख रुपये की लागत से निर्मित महतारी सदन भवन का लोकार्पण कर ग्रामीणों को समर्पित किया।
इस अवसर पर वन मंत्री ने महतारी सदन में बिहान स्व-सहायता समूह की महिलाओं से संवाद कर उनकी आजीविका गतिविधियों एवं समूह से जुडऩे के बाद हुई आय में वृद्धि की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि महतारी सदन ग्रामीण महिलाओं के आर्थिक एवं सामाजिक सशक्तिकरण का महत्वपूर्ण माध्यम है। राज्य शासन महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है और इसी उद्देश्य से लखपति दीदी तथा ड्रोन दीदी जैसी योजनाएं संचालित की जा रही हैं।
उन्होंने महिलाओं से फलदार पौधों का रोपण, पशुपालन तथा अन्य आयवर्धक गतिविधियों को अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि इन कार्यों को मेहनत के साथ व्यवस्थित ढंग से करने पर बेहतर आय अर्जित की जा सकती है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि महतारी सदन महिला स्व-सहायता समूहों की गतिविधियों को बढ़ावा देने और ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने का प्रमुख केंद्र बनेगा।
कार्यक्रम में जिपं अध्यक्ष रीता शोरी, जनपद पंचायत अध्यक्ष अनीता कोर्राम, जिपं सदस्य यशोदा कश्यप, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष टोमेंद्र ठाकुर, जनपद सदस्य कौशल्या कोर्राम, जयमती कश्यप, रामूराम कोर्राम, रामचन्द्र कश्यप, रामकुमार कोर्राम, रमेश सेठिया, आसमन कोर्राम, लक्ष्मीकांत बेलसरिया, डिप्टी कलेक्टर रश्मि पोया, तहसीलदार विजय प्रताप सिंह, जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी उत्तम महोबिया, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के जिला प्रबंधक (डीएमएम) विनय सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।