कोण्डागांव

विधायक के हाथों 54 छात्राओं को मिली साइकिल
25-Jul-2026 10:33 PM
विधायक के हाथों 54 छात्राओं को मिली साइकिल

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोण्डागांव, 25 जुलाई। जिला मुख्यालय कोण्डागांव के पीएमश्री आत्मानंद इंग्लिश मीडियम शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय महात्मा गांधी वार्ड में शनिवार को सरस्वती साइकिल योजना के तहत साइकिल वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कोण्डागांव विधायक लता उसेंडी के हाथों 54 छात्राओं को नि:शुल्क साइकिल वितरित की गई। साइकिल मिलने से छात्राओं के चेहरे खुशी से खिल उठे।

इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष नरपति पटेल, पार्षद संतोष पात्रे, सोनमणि पोयाम, मनोज जैन, दीपेश अरोरा, जितेंद्र सुराना, एल्डरमैन अशोक ब्रह्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी, शिक्षक एवं छात्राओं के पालक मौजूद रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक लता उसेंडी ने कहा कि सरस्वती साइकिल योजना से छात्राओं को शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढऩे के लिए सुविधा मिल रही है। उन्होंने कहा कि साइकिल मिलने से छात्राएं उत्साहित हैं और इसका सकारात्मक प्रभाव अन्य विद्यार्थियों पर भी देखने को मिल रहा है। योजना शुरू होने के बाद छात्राओं के स्कूल छोडऩे की संख्या में कमी आई है और ड्रॉपआउट दर लगभग शून्य हुई है। उन्होंने प्रदेश सरकार एवं विभागीय मंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

जिला शिक्षा अधिकारी भारती प्रधान ने बताया कि कोण्डागांव जिले में सरस्वती साइकिल योजना के तहत 60 प्रतिशत से अधिक साइकिलों का वितरण किया जा चुका है और वितरण कार्य लगातार जारी है। उन्होंने कहा कि साइकिल की गुणवत्ता भी अच्छी है, जिससे छात्राओं को स्कूल आने-जाने में सुविधा मिलेगी और इससे ड्रॉपआउट रेट कम करने में मदद मिलेगी।

कार्यक्रम के दौरान स्कूल परिसर में बाउंड्री वॉल नहीं होने और अतिक्रमण की शिकायत को लेकर विधायक लता उसेंडी ने कहा कि इस विषय की जानकारी उन्हें है। स्कूल भवन निर्माण के लिए करीब 19.50 लाख रुपये स्वीकृत हो चुके हैं और निर्माण कार्य के लिए प्रक्रिया जारी है। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य के दौरान स्कूल परिसर में मौजूद अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई की जाएगी, ताकि विद्यालय परिसर को व्यवस्थित किया जा सके।


अन्य पोस्ट