कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 25 जुलाई। नीट परीक्षा पेपर लीक मामले से आहत होकर जगदलपुर आड़ावाल की होनहार छात्रा हरिका राव नायडू के असमय निधन पर गुरुवार शाम जिला कांग्रेस कमेटी कोण्डागांव के नेतृत्व में कैंडल मार्च निकालकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कांग्रेस भवन से शुरू हुआ कैंडल मार्च जय स्तंभ चौक तक पहुंचा, जहां कार्यकर्ताओं, छात्र-छात्राओं और उपस्थित नागरिकों ने दिवंगत छात्रा को भावभीनी श्रद्धांजलि दी और उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि एक प्रतिभाशाली छात्रा का इस तरह असमय चले जाना बेहद दुखद और पीड़ादायक है। कार्यक्रम के दौरान नीट परीक्षा पेपर लीक मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई गई।
जिला कांग्रेस कमेटी कोण्डागांव के महामंत्री एवं संगठन प्रभारी जेपी यादव ने कहा कि छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश और जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में यह कैंडल मार्च आयोजित किया गया है। उन्होंने बताया कि जगदलपुर आड़ावाल की छात्रा हरिका राव नायडू ने नीट पेपर लीक मामले से आहत होकर आत्महत्या कर ली थी। उनके अनुसार छात्रा ने अपने परिवार के नाम सुसाइड नोट छोड़ा था, जिसमें उसने अपनी मेहनत के बावजूद परिस्थितियों से परेशान होकर यह कदम उठाने की बात लिखी थी।
जेपी यादव ने कहा कि कैंडल मार्च के माध्यम से दिवंगत छात्रा को श्रद्धांजलि देते हुए भगवान से उनकी आत्मा की शांति और परिवार को इस दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की गई। उन्होंने नीट पेपर लीक सहित प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर सरकार पर सवाल उठाए और कहा कि इससे लाखों विद्यार्थियों और उनके परिवारों पर असर पड़ा है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी की ओर से नीट पेपर लीक प्रकरण की निष्पक्ष जांच, शिक्षा व्यवस्था में सुधार और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की जा रही है।
कैंडल मार्च के माध्यम से कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दिवंगत छात्रा के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए संदेश दिया कि इस दुख की घड़ी में कांग्रेस परिवार उनके साथ खड़ा है। कार्यक्रम में जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता उपस्थित रहे।