कोण्डागांव

सीपीआई ने पीएम के नाम सौंपा ज्ञापन, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग
24-Jul-2026 9:55 PM
सीपीआई ने पीएम के नाम सौंपा ज्ञापन, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोण्डागांव, 24 जुलाई। सीपीआई जिला परिषद कोण्डागांव ने गुरुवार को प्रधानमंत्री भारत सरकार, नई दिल्ली के नाम संबोधित ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से 20 जुलाई को संसद मार्च के दौरान युवा विद्यार्थियों पर हुई कथित पुलिस कार्रवाई की वैधानिक जांच कराने और केंद्रीय शिक्षा मंत्री से इस्तीफा लेने की मांग की गई है।

सीपीआई पदाधिकारियों ने जिला कलेक्टर, एसडीएम कोण्डागांव को सौंपे ज्ञापन में कहा कि देश की शिक्षा व्यवस्था और प्रतियोगी परीक्षाओं में हो रही अनियमितताओं को लेकर विद्यार्थी लगातार आंदोलन कर रहे हैं। पार्टी ने आरोप लगाया कि 20 जुलाई को युवा विद्यार्थियों और उनके समर्थकों का शांतिपूर्ण प्रतिनिधिमंडल अपनी मांगों को लेकर संसद की ओर जा रहा था, इसी दौरान पुलिस और सुरक्षा बलों द्वारा लाठीचार्ज एवं आंसू गैस का प्रयोग किया गया, जिससे कई विद्यार्थी घायल हुए।

ज्ञापन में कहा गया कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन लोकतांत्रिक अधिकार है और प्रदर्शनकारियों पर इस तरह की कार्रवाई लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है। सीपीआई ने शिक्षा व्यवस्था में सुधार और परीक्षा प्रणाली को पारदर्शी बनाने की मांग करते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री की जिम्मेदारी तय करने की बात कही है।

सीपीआई ने अपने ज्ञापन के साथ शिक्षा मंत्री के इस्तीफे का प्रारूप भी संलग्न किया है। पार्टी ने प्रधानमंत्री से मांग की है कि उक्त प्रारूप पर शिक्षा मंत्री के हस्ताक्षर कराकर उनका इस्तीफा स्वीकार किया जाए, जिससे शिक्षा व्यवस्था में सुधार की दिशा में कदम उठाया जा सके और विद्यार्थी अपने भविष्य पर ध्यान केंद्रित कर सकें।

सीपीआई छत्तीसगढ़ राज्य परिषद के सचिव मंडल सदस्य तिलक पाण्डे ने इस दौरान कहा कि शिक्षा मंत्री के इस्तीफे के लिए तैयार प्रारूप में केवल हस्ताक्षर या अंगूठा लगाने की आवश्यकता है। उन्होंने व्यंग्य करते हुए कहा कि पार्टी का मानना है कि लंबे समय से मांग किए जाने के बाद भी इस्तीफा नहीं दिया जाना गंभीर विषय है।

ज्ञापन सीपीआई छत्तीसगढ़ राज्य परिषद के राज्य सचिव के. साजी के निर्देश पर सौंपा गया। इस दौरान सचिव मंडल सदस्य तिलक पाण्डे, जिला सचिव शैलेष, सहायक सचिव जयप्रकाश एवं दिनेश सहित लक्ष्मण, रामचंद, सोमारू, घसिया राम, सुकलाल, मानसिंग, गोबरू, महादेव, बुधराम, विनोद, शोभाराम, चैतूराम, परसूराम सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट