कोण्डागांव
बोले- 7-8 साल से झेल रहे परेशानी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 24 जुलाई। कोण्डागांव जिले के उरंदाबेड़ा क्षेत्र के ग्राम पंचायत आमगांव के आश्रित ग्राम कोलंगा नीचेपारा के ग्रामीणों ने बारदा नदी पर पुल निर्माण की मांग को लेकर मंगलवार को जिला कार्यालय पहुंचकर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों का कहना है कि पुल नहीं होने के कारण बरसात के दिनों में आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो जाता है और बच्चों की पढ़ाई, स्वास्थ्य सुविधाओं सहित दैनिक जरूरतों के लिए ग्रामीणों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
ग्रामीणों के अनुसार कोलंगा नीचेपारा से मुडक़ुड़ा मार्ग पर स्थित बारदा नदी को पार कर बड़ेडोंगर सहित आसपास के क्षेत्रों में जाना पड़ता है। नदी की चौड़ाई करीब 100 मीटर बताई जा रही है, जहां पुल नहीं होने से बारिश के समय नदी पार करना जान जोखिम में डालने जैसा हो जाता है।
ग्रामीण कुमार सिंह मरकाम ने बताया कि पुल निर्माण की मांग पिछले 7-8 वर्षों से की जा रही है, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में ग्रामीणों को जंगल के रास्ते लंबी दूरी तय कर आना-जाना पड़ता है। इससे स्कूली बच्चों को पढ़ाई के लिए जाने में परेशानी होती है।
ग्रामीण शुभाराम उसेंडी ने बताया कि गांव में किसी के बीमार होने या आपात स्थिति आने पर मरीजों को अस्पताल पहुंचाने में काफी दिक्कत होती है। उन्होंने कहा कि बारदा नदी पर पुल नहीं होने से दोनों ओर के गांव मुख्य मार्ग से नहीं जुड़ पा रहे हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि इस संबंध में पहले भी जनप्रतिनिधियों और प्रशासन को अवगत कराया गया है, लेकिन केवल आश्वासन मिला है। उन्होंने प्रशासन से जल्द पुल निर्माण की स्वीकृति देकर कार्य शुरू कराने की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि पुल बनने से कोलंगा सहित आसपास के कई गांवों के लोगों को शिक्षा, स्वास्थ्य और आवागमन की सुविधा में बड़ी राहत मिलेगी।