कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 23 जुलाई। दिल्ली में छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में बुधवार को जिला युवा कांग्रेस और एनएसयूआई कोण्डागांव के कार्यकर्ताओं ने पुराना बस स्टैंड में प्रदर्शन करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन किया। यह प्रदर्शन छत्तीसगढ़ प्रदेश युवा कांग्रेस के निर्देश पर आयोजित किया गया।
जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष पिताम्बर नाग ने आरोप लगाया कि दिल्ली में अपने अधिकारों को लेकर आवाज उठा रहे छात्रों पर पुलिस द्वारा बल प्रयोग किया गया, जो लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि छात्रों की आवाज को दबाने के लिए बल का इस्तेमाल निंदनीय है।
एनएसयूआई जिलाध्यक्ष पप्पू मंडावी ने कहा कि छात्रों की जायज मांगों को सुनने के बजाय उन पर कार्रवाई करना उचित नहीं है। उन्होंने घटना की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा कि छात्रों के अधिकारों और सम्मान के लिए संगठन आगे भी आवाज उठाता रहेगा। प्रदर्शन के दौरान युवा कांग्रेस और एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए घटना का विरोध जताया। इस दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।