कोण्डागांव
सीपीआई ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 23 जुलाई। कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया (सी.पी.आई.) जिला परिषद कोण्डागांव ने 21 जुलाई को जिला कलेक्टर के नाम एक आवेदन पत्र आवक-जावक शाखा में जमा किया। इस ज्ञापन के माध्यम से पार्टी ने निर्धारित मूल्य से अधिक दर पर उर्वरक विक्रय पर रोक लगाने तथा किसानों को पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराने की व्यवस्था करने की मांग की है।
ज्ञापन में पार्टी ने उल्लेख किया है कि जिले के किसानों से प्राप्त जानकारी के अनुसार उन्हें लैम्प्स (लैम्प्स सोसायटियों) से आवश्यकता अनुसार उर्वरक नहीं मिल पा रहा है। सी.पी.आई. के अनुसार, लैम्प्स में खाद न मिलने के कारण किसान खुले बाजार की दुकानों का रुख कर रहे हैं, जहां कई दुकानों में उर्वरक की अनुपलब्धता बताई जा रही है या निर्धारित दर से अधिक कीमत पर बिक्री का आरोप है।
पार्टी ने ज्ञापन में कहा है कि कृषि पर निर्भर ग्रामीण आबादी को समय पर खाद न मिलने से खरीफ फसल के उत्पादन और उनकी आर्थिक स्थिति पर असर पड़ सकता है। सी.पी.आई. ने प्रशासन से इस मामले पर संज्ञान लेकर शीघ्र समाधान करने का आग्रह किया है।
साथ ही चेतावनी दी है कि यदि समस्या का निराकरण जल्द नहीं हुआ, तो पार्टी आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
सी.पी.आई. छत्तीसगढ़ राज्य परिषद के राज्य सचिव के. साजी एवं सचिव मंडल सदस्य तिलक पांडे के निर्देश पर यह ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन सौंपने के दौरान जिला सचिव शैलेश, सह-सचिव जयप्रकाश व दिनेश, तथा लक्ष्मण, रामचंद्र, सुकलसाय, चकरो और समदू उपस्थित रहे।