कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 22 जुलाई। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गिरोला, विकासखंड कोंडागांव में मंगलवार को सरस्वती साइकिल वितरण योजना के अंतर्गत कक्षा 9वीं में अध्ययनरत 17 छात्राओं को साइकिल का वितरण किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जिला पंचायत सदस्य नंद लाल राठौर एवं ग्राम पंचायत गिरोला की सरपंच भूनेश्वरी सोरी उपस्थित रहीं। अतिथियों ने छात्राओं को साइकिल वितरित कर उन्हें नियमित अध्ययन, आत्मनिर्भरता एवं शिक्षा के क्षेत्र में सतत आगे बढऩे के लिए प्रेरित किया। उन्होंने शासन की इस महत्वाकांक्षी योजना की सराहना करते हुए कहा कि यह योजना ग्रामीण क्षेत्र की बालिकाओं की शिक्षा को नई दिशा प्रदान करेगी।
इस अवसर पर ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के अंतर्गत विद्यालय परिसर में अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों द्वारा पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण एवं बालिका शिक्षा पर आधारित नुक्कड़ नाटक की प्रभावशाली प्रस्तुति देकर सभी का मन मोह लिया। साथ ही छात्र-छात्राओं द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की आकर्षक प्रस्तुतियां भी दी गईं, जिन्हें उपस्थित जनसमुदाय ने खूब सराहा।
टॉपर बच्चों का सम्मान
इस अवसर पर कक्षा दसवीं बोर्ड परीक्षा 2026 में जिला टॉपर बालिका कुमकुम पाण्डेय को 95.8 प्रतिशत अंक प्राप्त करने पर संस्था के प्राचार्य द्वारा नगद 1001 की राशि प्रोत्साहन स्वरूप प्रदान की गई तथा बारहवीं में जिला में द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्र लाकेश दीवान को प्रतियोगिता परीक्षाओं के लिए 1100 की पुस्तक भेंट की गई।
कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय के प्राचार्य संजय कुमार राठौर ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों, ग्रामवासियों एवं गणमान्य नागरिकों को धन्यवाद ज्ञापित किया । कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों एवं ग्रामवासियों ने विद्यालय परिवार द्वारा किए गए उत्कृष्ट आयोजन की मुक्त कंठ से प्रशंसा करते हुए इसे बालिका शिक्षा एवं पर्यावरण संरक्षण की दिशा में प्रेरणादायी पहल बताया।
कार्यक्रम में नंद लाल राठौर सदस्य, जिला पंचायत कोंडागांव, भुवनेश्वरी सोरी सरपंच गिरोला, सुधा दीवान उपसरपंच गिरोला, जितेन्द्र दीवान अध्यक्ष एसएमडीसी, दिलीप दीवान जनपद उपाध्यक्ष उपस्थित रहे।