कोण्डागांव

नीट और परीक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता की मांग, युवा शक्ति मंच ने सौंपा ज्ञापन
19-Jul-2026 9:40 PM
नीट और परीक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता की मांग, युवा शक्ति मंच ने सौंपा ज्ञापन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोण्डागांव, 19 जुलाई। जिला मुख्यालय कोण्डागांव में शनिवार को युवा शक्ति मंच के बैनर तले युवाओं ने शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता, निष्पक्ष परीक्षा प्रणाली और छात्रों के भविष्य की सुरक्षा की मांग को लेकर कार्यक्रम आयोजित किया। इसके बाद अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) कार्यालय पहुंचकर राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री के नाम एसडीएम को ज्ञापन सौंपा गया।

एनसीसी मैदान में आयोजित कार्यक्रम में कांग्रेस से निष्कासित अमन सागर के नेतृत्व में बड़ी संख्या में युवा-युवतियां शामिल हुए। कार्यक्रम के बाद युवाओं ने ज्ञापन सौंपकर नीट 2026 सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं की जांच कराने, दोषियों पर कड़ी कार्रवाई करने और भविष्य में परीक्षाओं को निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से कराने की मांग रखी।

ज्ञापन में शिक्षा व्यवस्था में सुधार, परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता, छात्रों के हितों की सुरक्षा और सभी भर्ती परीक्षाओं को ईमानदारी से आयोजित कराने की मांग की गई है। ज्ञापन राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री के नाम प्रेषित किया गया है। अमन सागर ने कहा कि देशभर में प्रतियोगी परीक्षाओं को लेकर युवाओं में चिंता है। उन्होंने नीट सहित अन्य परीक्षाओं में पेपर लीक और अनियमितताओं के आरोपों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि छोटे से लेकर बड़े सभी परीक्षाओं में पारदर्शिता होनी चाहिए, ताकि छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ न हो।

उन्होंने छत्तीसगढ़ में भी लंबित भर्तियों को जल्द पूरा करने की मांग करते हुए कहा कि शिक्षक भर्ती, स्वास्थ्य विभाग सहित अन्य विभागों में रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया शीघ्र शुरू की जानी चाहिए। साथ ही उन्होंने परीक्षा व्यवस्था में सख्त निगरानी और अनियमितता करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की।


अन्य पोस्ट