कोण्डागांव

सरदार की 150वीं जयंती पर पुलिस ने कराई रंगोली, चित्रकला और निबंध स्पर्धा, बच्चों को किया सम्मानित
19-Jul-2026 9:38 PM
सरदार की 150वीं जयंती पर पुलिस ने कराई रंगोली, चित्रकला और निबंध स्पर्धा, बच्चों को किया सम्मानित

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोण्डागांव, 19 जुलाई। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर शनिवार को सिटी कोतवाली कोण्डागांव पुलिस द्वारा ऑडिटोरियम में रंगोली, चित्रकला और निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में थाना क्षेत्र के विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले बच्चों को नगर पालिका अध्यक्ष नरपति पटेल, उपाध्यक्ष जसकेतु उसेंडी, पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कपिल चंद्रा, अनुविभागीय पुलिस अधिकारी रूपेश कुमार सहित अन्य जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया।

नगर पालिका अध्यक्ष नरपति पटेल ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर पुलिस विभाग द्वारा बच्चों के लिए रंगोली, चित्रकला और निबंध प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें कोण्डागांव के विभिन्न स्कूलों के बच्चों ने बढ़-चढक़र हिस्सा लिया। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन लगातार होते रहने चाहिए, जिससे बच्चों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिले और वे आगे बढ़ सकें।

पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा ने बताया कि सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर पूरे माह विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

 इसी क्रम में अनुभाग स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों के लिए निबंध, चित्रकला और रंगोली प्रतियोगिता कराई गई। उन्होंने बताया कि अनुभाग स्तर के बाद विजेता बच्चे जिला स्तरीय प्रतियोगिता में शामिल होंगे।

एसपी पंकज चंद्रा ने कहा कि पुलिस का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों से जुडऩा और आम जनता के साथ सीधा संवाद स्थापित करना है।

उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से बच्चों के मन में पुलिस को लेकर बनी झिझक दूर होगी और वे अपनी समस्याओं व बातों को पुलिस के सामने बेहतर तरीके से रख सकेंगे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं के साथ पुलिस अधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि और अन्य लोग मौजूद रहे।


अन्य पोस्ट