कोण्डागांव

कांग्रेस का प्रदर्शन, राम मंदिर चढ़ावा घोटाले की निष्पक्ष जांच की मांग
14-Jul-2026 9:58 PM
 कांग्रेस का प्रदर्शन, राम मंदिर चढ़ावा घोटाले की निष्पक्ष जांच की मांग

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोण्डागांव, 14 जुलाई। अयोध्या स्थित श्रीराम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी और वित्तीय अनियमितताओं के विरोध में सोमवार को जिला कांग्रेस कमेटी ने कोण्डागांव जिला मुख्यालय में आक्रोश रैली निकालकर जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेस भवन से जय स्तंभ चौक तक निकाली गई रैली में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए श्रीराम मंदिर की आस्था से जुड़े मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की।

पूर्व मंत्री मोहन मरकाम और जिला कांग्रेस अध्यक्ष रवि घोष के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि श्रीराम मंदिर के चढ़ावे में कथित अनियमितताओं ने करोड़ों श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाई है। पूर्व मंत्री मोहन मरकाम ने कहा कि यह मामला केवल आर्थिक अनियमितता का नहीं, बल्कि देशभर के श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़ा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे पर चुप नहीं बैठेगी और दोषियों के खिलाफ निष्पक्ष जांच कर कठोर कार्रवाई होने तक संघर्ष जारी रखेगी।

प्रदर्शन में युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस, एनएसयूआई और सेवादल सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ जल्द कार्रवाई नहीं की गई, तो जनहित और श्रद्धालुओं की भावनाओं के सम्मान में आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।


अन्य पोस्ट