कोण्डागांव

अवैध शराब जब्त, 11 बंदी
14-Jul-2026 9:57 PM
अवैध शराब जब्त, 11 बंदी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोण्डागांव, 14 जुलाई। जिले में अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए आबकारी विभाग ने 15 दिनों में लगातार कार्रवाई करते हुए 11 प्रकरण दर्ज किए हैं। अभियान के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में छापेमारी कर 56 बल्क लीटर अवैध शराब जब्त की गई, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत 29 हजार 88 रुपये बताई गई है। कार्रवाई के दौरान 11 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की विभिन्न धारा के तहत प्रकरण दर्ज किए गए हैं।

आबकारी विभाग के अनुसार विश्रामपुरी, अनंतपुर और माकड़ी थाना क्षेत्र में की गई कार्रवाई के दौरान अलग-अलग मामलों में आरोपियों के कब्जे से अवैध शराब बरामद की गई। जब्त शराब में सबसे अधिक 22.265 लीटर शराब सिदावंड निवासी एक आरोपी से बरामद हुई। इसके अलावा विश्रामपुरी, करंडी, हाड़ीगांव, खजरावंड और धौड़ाईगांव सहित अन्य क्षेत्रों में भी कार्रवाई कर अवैध शराब जब्त की गई। एक अन्य मामले में चार लोगों के खिलाफ भी आबकारी अधिनियम की धारा 36 के तहत कार्रवाई की गई।

पूरे अभियान में आबकारी उपनिरीक्षक मोरजध्वज साहू, सुरेश कुमार और प्रवीण कुमार ठाकुर सहित विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों की टीम शामिल रही। आबकारी विभाग ने आम लोगों से अवैध शराब के निर्माण, बिक्री या परिवहन की सूचना देने की अपील की है। इसके लिए विभाग ने 24 घंटे संचालित हेल्पलाइन नंबर 07786-242481

जारी किया है, जिस पर कोई भी व्यक्ति गोपनीय रूप से शिकायत दर्ज करा सकता है। विभाग का कहना है कि अवैध शराब के खिलाफ आगे भी इसी तरह लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।


अन्य पोस्ट