कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 12 जुलाई। जिला मुख्यालय कोण्डागांव के मंडी परिसर स्थित शिव मंदिर के पास शनिवार - रविवार की मध्य रात्रि एक युवक पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया गया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे देर रात जिला अस्पताल कोण्डागांव में भर्ती कराया गया।
डॉक्टरों के अनुसार युवक के शरीर पर 4 से 5 जगह चाकू के घाव हैं, जिनमें पेट का घाव सबसे गंभीर है। फिलहाल उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
घायल शक्ति कोर्राम निवासी शीतलापारा ने बताया कि वह हमाली मजदूरी का काम करता है। उसके अनुसार कुछ युवकों ने रात में उसे फोन कर मंडी परिसर बुलाया। वहां पहुंचने पर पहले उसके साथ मारपीट की गई, फिर चाकू से पेट, जांघ और शरीर के अन्य हिस्सों पर कई वार किए गए। शक्ति का आरोप है कि हमले में रेहान ने चाकू से वार किया, जबकि टीकम ने डंडे से मारपीट की। उसने यह भी आरोप लगाया कि मौके पर मौजूद अन्य युवक भी मारपीट में शामिल थे और अधिकांश ने शराब पी रखी थी।
शक्ति ने बताया कि विवाद की शुरुआत उसके परिचित बाबा को लेकर हुई थी। कुछ युवक उसके भाई बाबा को निशाना बना रहे थे। जब उसने इसका विरोध करते हुए कारण पूछा, तो आरोपियों ने उसे फोन कर मौके पर बुलाया। वहां बातचीत के दौरान विवाद बढ़ गया और उसके साथ मारपीट कर चाकू से हमला कर दिया गया।
घायल के भाई संजू कोर्राम ने बताया कि रात करीब 12 बजे कुछ युवकों ने शक्ति को फोन कर बुलाया था। शक्ति ने उनसे कहा था कि यदि कोई विवाद है तो सुबह बैठकर सुलझा लेंगे, लेकिन आरोपियों ने गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दी। संजू का आरोप है कि टीकम और रेहान खान सहित अन्य युवकों ने मिलकर उसके भाई पर हमला किया। घटना की जानकारी मिलने पर परिजन अस्पताल पहुंचे। उन्होंने बताया कि मामले में पुलिस को सूचना दी जा रही है।जिला अस्पताल के चिकित्सक डॉ. प्रशांत मेहता ने बताया कि घायल को रात करीब 1.30 बजे अस्पताल लाया गया। उसके शरीर पर 4 से 5 जगह चाकू के घाव मिले हैं। पेट में लगा घाव सबसे गंभीर है, जिसकी गहराई लगभग 1 से 2 इंच है।
इसके अलावा पैर और जांघ के पास भी चोटें हैं। डॉक्टर ने बताया कि घायल का उपचार जारी है और फिलहाल वह खतरे से बाहर है।