कोण्डागांव

झमाझम बारिश में भी पूर्व सैनिकों से सैन्य प्रशिक्षण ले रहे कोंडागांव के युवा
11-Jul-2026 4:14 PM
झमाझम बारिश में भी पूर्व सैनिकों से सैन्य प्रशिक्षण ले रहे कोंडागांव के युवा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोंडागांव, 11 जुलाई। मौसम के बदलते मिजाज और लगातार हो रही झमाझम बारिश के बावजूद कोंडागांव के युवाओं के हौसले बुलंद हैं। विकास नगर स्टेडियम में आज सुबह से जारी तेज बारिश के बीच नि:शुल्क सैन्य प्रशिक्षण लेने वाले युवा देशभक्ति और अनुशासन के साथ खुले मैदान में फिजिकल ट्रेनिंग करते नजर आए।

सुबह से ही आसमान में काले बादल छाए होने और रिमझिम फुहारों के बीच, पूर्व सैनिकों की आवाज पर सभी प्रशिक्षणार्थी मैदान में मुस्तैद हो गए। युवाओं ने कीचड़ और पानी की परवाह किए बिना स्ट्रेचिंग, रनिंग, पुश-अप्स और पीटी (शारीरिक दक्षता) के कठिन अभ्यासों को सफलतापूर्वक पूरा किया।

अनुशासन और सेहत से समझौता नहीं- सुब्रत साहा

इस दौरान प्रशिक्षणार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद के संरक्षक एवं बस्तर संभाग प्रभारी सुब्रत साहा ने कहा-मौसम चाहे कैसा भी हो, अनुशासन और सेहत से समझौता नहीं किया जा सकता। विपरीत परिस्थितियों और बारिश में ट्रेनिंग करने से बच्चों की मानसिक और शारीरिक क्षमता और अधिक मजबूत होती है। यही प्रशिक्षण इन्हें जीवन की हर कठिन परिस्थिति का सामना करना सिखाएगा।

अभिभावकों ने भी जताया भरोसा

मैदान के किनारे उपस्थित अभिभावक भी बच्चों का यह जज्बा देखकर बेहद उत्साहित नजर आए। एक अभिभावक ने अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि शुरुआत में उन्हें चिंता थी कि कहीं बच्चे बारिश में भीगने से बीमार न पड़ जाएं, लेकिन मैदान पर बच्चों का उत्साह और पूर्व सैनिकों का अनुशासन देखकर उनका डर दूर हो गया। यह ट्रेनिंग बच्चों को शारीरिक रूप से मजबूत बनाने के साथ-साथ आत्मनिर्भर बना रही है।

आज के दौर में फिटनेस की नई मिसाल

आज के डिजिटल युग में, जहाँ युवा वर्ग का अधिकांश समय मोबाइल और टीवी स्क्रीन के सामने बीतता है, वहीं अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद कोंडागांव के माध्यम से निशुल्क सैन्य प्रशिक्षण ले रहे इन 90 युवक-युवतियों ने फिटनेस और स्वास्थ्य की एक नई मिसाल पेश की है। पूर्व सैनिकों के मार्गदर्शन में चल रहे इस शिविर ने यह साबित किया है कि दृढ़ इच्छाशक्ति के आगे मौसम की बाधाएं भी रास्ता नहीं रोक सकतीं।

इस अवसर पर अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद कोंडागांव के संरक्षक एवं बस्तर संभाग प्रभारी सुब्रत साहा, उपाध्यक्ष अजनेर लकड़ा, कोषाध्यक्ष सोमेश्वर भारती, सदस्य श्रीकांत तिवारी, राकेश धीवर और निशुल्क सैन्य प्रशिक्षण लेने वाले 90 युवक एवं  युवतियां उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट