कोण्डागांव
ऑनलाइन भुगतान व्यवस्था से बढ़ी पारदर्शिता
केशकाल, 8 जुलाई। प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों के तहत वनांचल क्षेत्रों में रहने वाले तेंदूपत्ता संग्राहकों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। जिला वनोपज सहकारी यूनियन मर्यादित, केशकाल द्वारा वर्ष 2023 संग्रहण सीजन के तेंदूपत्ता संग्राहकों को प्रोत्साहन पारिश्रमिक राशि का वितरण शुरू कर दिया गया है। कुल 2,803 संग्राहकों को 40 लाख 39 हजार 891 रुपये की प्रोत्साहन राशि ऑनलाइन उनके बैंक खातों में हस्तांतरित की जा रही है।
जिला वनोपज सहकारी यूनियन द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, केशकाल वनमंडल अंतर्गत प्राथमिक लघु वनोपज सहकारी समितियों केशकाल एवं खालेमुरवेड के संग्राहकों को ऑनलाइन सीधे बैंक खातों में भुगतान किया जा रहा है। इससे भुगतान प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और सरल हो गई है। समिति केशकाल के अंतर्गत संचालित 31 तेंदूपत्ता फड़ों के संग्राहकों के खातों में भी प्रोत्साहन राशि जमा कराई गई है।
प्रदेश के वन मंत्री केदार कश्यप की मंशानुसार राज्य शासन द्वारा तेंदूपत्ता संग्राहकों एवं वनाश्रित परिवारों के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में प्रोत्साहन पारिश्रमिक राशि सीधे हितग्राहियों के बैंक खातों में ऑनलाइन हस्तांतरित की जा रही है। सरकार का उद्देश्य वनोपज संग्राहकों को समय पर उनकी मेहनत का उचित लाभ उपलब्ध कराना तथा शासन की सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।
केशकाल वनमंडलाधिकारी दिव्या गौतम ने कहा कि राज्य सरकार की मंशा तेंदूपत्ता संग्राहकों को उनकी मेहनत का उचित लाभ समय पर उपलब्ध कराना है। इसी उद्देश्य से प्रोत्साहन राशि सीधे हितग्राहियों के बैंक खातों में ऑनलाइन हस्तांतरित की जा रही है। इससे भुगतान प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी बनी है और वनाश्रित परिवारों को सीधा लाभ मिल रहा है।