कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोंडागांव, 7 जुलाई। शिक्षा व्यक्ति को एक अच्छा इंसान बनाने वाली सबसे महत्वपूर्ण शक्ति है। यह हमारे जीवन में एक ऐसे दीपक की तरह है जो हमें अज्ञानता के अंधकार से निकालकर ज्ञान के प्रकाश की ओर ले जाती है। उक्त विचार स्थानीय चावरा स्कूल परिवार द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान व्यक्त किए गए। विद्यालय प्रबंधन ने शिक्षा के महत्व को रेखांकित करते हुए बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए सामूहिक प्रयासों पर जोर दिया।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि शिक्षा केवल किताबी ज्ञान तक सीमित नहीं है, बल्कि यह जीवन को संवारने का आधार है। एक शिक्षित व्यक्ति आत्मनिर्भर बनता है, समाज में अपनी एक विशिष्ट पहचान कायम करता है और इसके साथ ही वह देश व समाज के प्रति अपने अधिकारों और कर्तव्यों को बेहतर ढंग से समझता है।
कार्यक्रम के अंतिम चरण में चावरा स्कूल परिवार की ओर से उपस्थित सभी अभिभावकों का आत्मीय स्वागत व अभिनंदन किया गया।
इस दौरान प्रबंधन ने विशेष रूप से इस बात पर बल दिया कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए केवल विद्यालय का प्रयास पर्याप्त नहीं है। इसके लिए विद्यालय प्रशासन और अभिभावकों के बीच निरंतर संवाद और संयुक्त सहयोग बेहद आवश्यक है।
जब दोनों मिलकर प्रयास करेंगे, तभी बच्चों के भविष्य को सही दिशा दी जा सकती है।
समारोह का समापन वहां उपस्थित सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों के उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामनाओं और शुभकामनाओं के साथ हुआ।