कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोंडागांव, 7 जुलाई। जिला अंतर्गत संकुल कमेला में संकुल स्तरीय शाला प्रवेशोत्सव हर्षोल्लास पूर्वक मनाया गया। ग्राम पंचायत कमेला के सरपंच कामदेव कश्यप के मुख्य आतिथ्य और विशेष अतिथि चेतमन बैध, रेवतमल पाण्डे, लक्ष्मण पाण्डे, जागृति बघेल की उपस्थिति में नव प्रवेशी बच्चों को गणवेश एवं पाठ्य पुस्तक वितरण किया गया। अतिथियों के द्वारा कक्षा पहली, छटवीं और नवमीं के बच्चों को तिलक वंदन, फूल माला एवं मिठाई खिलाकर शाला मे प्रवेश करवाया गया।
संकुल प्राचार्य तिलक राम मंडावी एवं संकुल समन्वयक गौतम राम पाण्डेय के द्वारा बच्चों एवं पालकों को शासन के द्वारा मिलनी वाली योजनाएं एवं लाभ के बारे में बताया गया, वहीं बच्चों को नियमित शाला आने हेतु आग्रह किया गया।
कार्यक्रम में 5वीं, 8वीं और 10वीं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले होनहार बच्चों को संकुल स्तर पर सम्मानित किया गया। सरपंच के द्वारा हर वर्ष कक्षा 10वीं में 80 फीसदी से अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को नकद राशि और क्षेत्र स्तर पर सम्मानित करने की घोषणा की गई।
इस अवसर पर अतिथियों, शिक्षकों एवं बच्चों के द्वारा परिसर में ‘एक पेड़ मां के नाम’ से पौधा रोपण किया गया। सभी अतिथियों और बच्चों ने आंशिक न्योता भोजन का आनंद लिया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में शिक्षक सूरीज पोयाम, मदन लाल कोर्राम, अमृत लाल देवांगन, होरीलाल चंद्रवंशी, वीरेंद्र कुमार ठाकुर, सतीश जनगम, सौरभ यदु, दीपक चौरे, अविनाश बेनर्जी, तरुणी पटेल, तुलसी बोई, श्वेता यदु, रोशनी सहित विद्यालय के कर्मचारी बुधराम नेताम, राम सागर, रितेश सेठिया, मिलन बैध, सुमती पोयम, मदन नेताम, दसो पोयाम का विशेष सहयोग रहा।