कोण्डागांव

वन महोत्सव पर विद्यालय में पौधारोपण
06-Jul-2026 10:58 PM
वन महोत्सव पर विद्यालय में पौधारोपण

विद्यार्थियों ने नुक्कड़ नाटक से दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोण्डागांव, 6 जुलाई। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, गिरोला में शनिवार को वन महोत्सव के अंतर्गत विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय परिसर में प्राचार्य, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों द्वारा सामूहिक वृक्षारोपण के साथ हुई। इस दौरान सभी ने पौधों के संरक्षण एवं अधिकाधिक वृक्ष लगाने का संकल्प लिया।

वन महोत्सव के अवसर पर विद्यार्थियों के लिए निबंध लेखन, भाषण, समूह गायन एवं नृत्य प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पर्यावरण संरक्षण एवं वन संवर्धन के प्रति जन-जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से विद्यार्थियों द्वारा प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया। नाटक के माध्यम से वृक्षों के महत्व और पर्यावरण संरक्षण का प्रेरक संदेश दिया गया, जिसे उपस्थित सभी लोगों ने सराहा।

विद्यालय के प्राचार्य संजय कुमार राठौर ने विद्यार्थियों के उत्साह, रचनात्मक प्रस्तुति एवं पर्यावरण के प्रति उनकी संवेदनशीलता की प्रशंसा करते हुए कहा कि आज के समय में प्रकृति का संरक्षण हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

 उन्होंने विद्यार्थियों से अधिक से अधिक वृक्ष लगाने तथा उनकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया।

कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना, संयुक्त संचालक एच.आर. सोम एवं जिला शिक्षा अधिकारी भारती प्रधान के दिशा निर्देशों के तहत वन महोत्सव के माध्यम से विद्यालय परिवार ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश समाज तक पहुँचाने का सार्थक प्रयास किया। कार्यक्रम में विद्यालय के समस्त शिक्षकगण एवं विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता रही।


अन्य पोस्ट