कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोंडागांव, 6 जुलाई। केंद्रीय विद्यालय कोंडागांव में नवप्रवेशी कक्षा 1 के विद्यार्थियों के स्वागत के लिए शनिवार को विद्या प्रवेश उत्सव का आयोजन हर्षोल्लास एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्राचार्य नंद किशोर वासनिक ने माँ सरस्वती के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित एवं पुष्प अर्पित कर किया। इसके पश्चात विद्यालय परिवार ने नन्हे विद्यार्थियों का तिलक लगाकर, पुष्प भेंट कर एवं मिठाई खिलाकर आत्मीय स्वागत किया। इस अवसर पर बच्चों को उपहार स्वरूप पेन, पेंसिल तथा अन्य अध्ययन-सहायक सामग्री भी वितरित की गई। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने मनमोहक स्वागत गीत प्रस्तुत किया तथा सामूहिक लोकनृत्य की आकर्षक प्रस्तुति देकर उपस्थित अभिभावकों एवं अतिथियों का मन मोह लिया। नन्हे बच्चों की उत्साहपूर्ण प्रस्तुतियों ने पूरे समारोह को उल्लासमय बना दिया।
इस अवसर पर विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों को विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों, पाठ्यक्रम, अनुशासन तथा विभिन्न सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी गई। शिक्षकों ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें नियमित अध्ययन, अनुशासन एवं उत्तम संस्कारों के साथ अपनी शैक्षणिक यात्रा प्रारंभ करने के लिए प्रेरित किया। प्राचार्य नंद किशोर वासनिक ने सभी नवप्रवेशी विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं तथा अभिभावकों से बच्चों की शिक्षा एवं सर्वांगीण विकास में सक्रिय सहभागिता निभाने का आग्रह किया। कार्यक्रम के उपरांत पेरेंट्स-टीचर मीटिंग आयोजित की गई, जिसमें अभिभावकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
बैठक में प्राचार्य ने विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, अनुशासन, विभिन्न गतिविधियों, विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास तथा अभिभावकों की महत्वपूर्ण भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला।