कोण्डागांव

कपड़ा दुकान से बरामद की गई लापता नाबालिग
06-Jul-2026 10:56 PM
कपड़ा दुकान से बरामद की गई लापता नाबालिग

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोंडागांव, 6 जुलाई। कोंडागांव जिले की अनंतपुर पुलिस ने एक लापता नाबालिग बालिका को सकुशल बरामद करने में सफलता हासिल की है। बालिका को जिला मुख्यालय स्थित एक कपड़ा दुकान से बरामद कर कानूनी औपचारिकताओं के बाद उसके माता-पिता को सौंप दिया गया है। बालिका के मिलने से परिजनों और क्षेत्र के ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी ने थाना अनंतपुर में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी 17 वर्षीय नाबालिग बेटी बीती 22 जून से घर से बिना बताए कहीं चली गई है। परिजनों ने अपने स्तर पर रिश्तेदारों और आसपास के क्षेत्रों में काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। पिता की रिपोर्ट पर अनंतपुर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।

मामले की गंभीरता और संवेदनशीलता को देखते हुए कोंडागांव पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कपिल चंद्रा के मार्गदर्शन और उप पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) स्निग्धा सिंह के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी अनंतपुर के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया।

सहायक उपनिरीक्षक राम रतन मरकाम के नेतृत्व में पुलिस टीम लगातार लापता बालिका की तलाश में जुटी हुई थी।

पतासाजी के दौरान पुलिस को मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली कि लापता बालिका कोंडागांव शहर के एक कपड़ा दुकान में काम कर रही है। सूचना मिलते ही एएसआई राम रतन मरकाम के नेतृत्व में पुलिस टीम, बालिका के पिता और परिजनों को साथ लेकर कोंडागांव के लिए रवाना हुई।

वहां कोंडागांव थाने की महिला प्रधान आरक्षक आशो मरकाम के सहयोग से उक्त कपड़ा दुकान में दबिश दी गई। पुलिस ने गवाहों और परिजनों की मौजूदगी में बालिका को सकुशल बरामद (दस्तयाब) कर लिया।

थाना अनंतपुर लाकर कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद बालिका को उसके माता-पिता और परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। अपनी बेटी को सकुशल वापस पाकर माता-पिता भावुक हो गए। इस त्वरित और संवेदनशीलता से की गई कार्रवाई के लिए पीडि़त परिवार और तिलियाबेड़ा क्षेत्र के ग्रामीणों ने अनंतपुर पुलिस टीम की सराहना करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया है।


अन्य पोस्ट