कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
केशकाल, 5 जुलाई। राष्ट्रीय राजमार्ग-30 से गुजरने वाले केशकाल नगर क्षेत्र में आवारा मवेशियों की समस्या अब केवल असुविधा नहीं, बल्कि सडक़ सुरक्षा और पशु संरक्षण दोनों के लिए गंभीर चुनौती बन चुकी है। नगर के प्रमुख मार्गों और राष्ट्रीय राजमार्ग पर दिन-रात बड़ी संख्या में मवेशी सडक़ पर बैठे रहते हैं। इसके कारण आए दिन सडक़ दुर्घटनाएं हो रही हैं। कई मवेशी वाहनों की चपेट में आकर घायल हो चुके हैं, वहीं उन्हें बचाने के प्रयास में वाहन चालक भी हादसों का शिकार हो रहे हैं। इसके बावजूद नगर पंचायत द्वारा समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में प्रभावी पहल दिखाई नहीं दे रही है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि नगर के मुख्य मार्गों और राष्ट्रीय राजमार्ग पर आवारा मवेशियों का जमावड़ा आम बात हो गई है। विशेषकर रात के समय यह स्थिति और अधिक खतरनाक हो जाती है। वाहन चालकों को अचानक सामने बैठे मवेशियों के कारण दुर्घटनाओं का सामना करना पड़ता है, जिससे जान-माल का खतरा लगातार बना हुआ है।
घायल मवेशी तड़पने को मजबूर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता द्वारा नगर पंचायत कार्यालय के पीछे स्थित कांजी हाउस का निरीक्षण किए जाने पर वहां की स्थिति बेहद चिंताजनक मिली। परिसर में कई मवेशी घायल अवस्था में पड़े मिले, जबकि कई बीमारी और कमजोरी से तड़पते दिखाई दिए। स्थानीय लोगों का आरोप है कि समय पर उपचार और समुचित देखभाल नहीं मिलने के कारण कई मवेशियों की मौत भी हो चुकी है। यदि शीघ्र व्यवस्था नहीं सुधारी गई तो और भी बेजुबान पशुओं की जान खतरे में पड़ सकती है।
इस संबंध में नगर पंचायत केशकाल के प्रभारी सीएमओ देवेश चंदेल ने बताया कि नगर पंचायत द्वारा प्रतिदिन गश्ती वाहन के माध्यम से नगर क्षेत्र की निगरानी की जा रही है। मवेशी पालकों से लगातार अपील की जा रही है कि वे अपने पशुओं को घर में रखें और सडक़ पर आवारा न छोड़ें। उन्होंने कहा कि घायल मवेशियों की सूचना मिलते ही नगर पंचायत की टीम तत्काल मौके पर पहुंचकर उनका उपचार कराती है। कांजी हाउस की बदहाल व्यवस्था का मामला संज्ञान में आया है, जिस पर गंभीरता से कार्रवाई करते हुए शीघ्र ही व्यवस्थाओं में सुधार कराया जाएगा।
दो-दो सीएमओ, फिर भी व्यवस्था नहीं सुधरी
नगर पंचायत में वर्तमान में दो-दो मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) पदस्थ होने के बावजूद आवारा मवेशियों की समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा है। न तो सडक़ों से मवेशियों को हटाने की प्रभावी व्यवस्था दिखाई दे रही है और न ही कांजी हाउस में रखे गए पशुओं की समुचित देखभाल सुनिश्चित हो पा रही है।
नागरिकों में बढ़ रहा आक्रोश
नगरवासियों का कहना है कि नगर पंचायत की उदासीनता का खामियाजा एक ओर बेजुबान मवेशी भुगत रहे हैं तो दूसरी ओर आम नागरिक अपनी जान जोखिम में डालकर सफर करने को मजबूर हैं। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में कोई बड़ा सडक़ हादसा हो सकता है।
जिला प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग
स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन से मामले में तत्काल हस्तक्षेप करने की मांग की है। उनका कहना है कि कोंडागांव कलेक्टर स्वयं कांजी हाउस और नगर क्षेत्र का निरीक्षण करें तथा जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों की जवाबदेही तय करें। साथ ही घायल एवं बीमार मवेशियों के उपचार, चारा-पानी की समुचित व्यवस्था और राष्ट्रीय राजमार्ग से आवारा मवेशियों को हटाने के लिए प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।