कोण्डागांव

नकटी गांव के विस्थापन मुद्दे पर गरजे प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बैज
04-Jul-2026 9:51 PM
नकटी गांव के विस्थापन मुद्दे पर गरजे प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बैज

 कहा- गरीबों के साथ खड़ी है कांग्रेस, पूरे प्रदेश में होगा मुख्यमंत्री का पुतला दहन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोण्डागांव, 4 जुलाई। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज शुक्रवार को कोण्डागांव पहुंचे। उन्होंने मीडिया से चर्चा करते हुए नवा रायपुर के नकटी गांव में आवास निर्माण के लिए ग्रामीणों के मकान तोड़े जाने के मामले में राज्य सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि विधायकों और अधिकारियों के आवास निर्माण के लिए 85 से अधिक गरीब परिवारों के घर तोड़ दिए गए, जिनमें इंदिरा आवास और प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बने कई मकान भी शामिल हैं।

दीपक बैज ने कहा कि कांग्रेस नेताओं ने प्रभावित गांव का दौरा किया है और पार्टी ने निर्णय लिया है कि वह हर परिस्थिति में प्रभावित ग्रामीणों के साथ खड़ी रहेगी। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि भारी बारिश के बीच गरीबों के घर तोडऩा न्यायसंगत नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे पर लगातार संघर्ष करेगी और प्रभावित परिवारों को न्याय दिलाने का प्रयास करेगी।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने बताया कि कांग्रेस ने अपने विधायकों से अपील की थी कि वे नकटी गांव में प्रस्तावित विधायक आवास स्वीकार न करें। उनके अनुसार, इस अपील का असर यह हुआ कि 13 से अधिक कांग्रेस विधायकों ने लिखित रूप से वहां आवास नहीं लेने की सहमति दी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े और राहुल गांधी के मार्गदर्शन में पार्टी जनहित के मुद्दों पर काम कर रही है। वहीं उन्होंने भाजपा विधायकों पर निशाना साधते हुए कहा कि अब तक किसी भाजपा विधायक ने सार्वजनिक रूप से यह नहीं कहा कि वह नकटी गांव में आवास नहीं लेंगे।

दीपक बैज ने बताया कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने नकटी प्रकरण को लेकर पूरे छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री का पुतला दहन करने का निर्णय लिया है। इसके साथ ही विभिन्न मांगों को लेकर रायपुर में कलेक्टर कार्यालय के सामने प्रदर्शन भी आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे को प्रदेशभर में उठाकर प्रभावित ग्रामीणों के अधिकारों की लड़ाई जारी रखेगी।


अन्य पोस्ट