कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 3 जुलाई। जिला मुख्यालय कोण्डागांव के डीएनके मैदान में शुक्रवार को कोटवार एसोसिएशन ऑफ छत्तीसगढ़ की जिला शाखा के तत्वावधान में एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया। प्रदेशव्यापी आंदोलन के तहत आयोजित इस प्रदर्शन में जिलेभर के कोटवार बड़ी संख्या में शामिल हुए। धरना के बाद कोटवार संघ के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नाम तहसीलदार को ज्ञापन सौंपते हुए वर्षों से लंबित ज्वलंत समस्याओं के निराकरण की मांग की।
जिला कोण्डागांव कोटवार संघ के अध्यक्ष भवानीराम कोर्राम ने बताया कि यह प्रदर्शन प्रदेश स्तर पर सभी जिलों और तहसीलों में एक साथ आयोजित किया गया है। उन्होंने कहा कि संघ की प्रमुख मांगों में कोटवारों का नियमितीकरण एवं राजस्व विभाग में संविलियन, पारिश्रमिक में वृद्धि तथा वंशानुगत नियुक्ति व्यवस्था को प्रभावी ढंग से लागू करना शामिल है। उन्होंने आरोप लगाया कि कोटवार नियुक्ति में भ्रष्टाचार हो रहा है, जिसे तत्काल बंद किया जाना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लेती है तो प्रांतीय संगठन के आह्वान पर कोटवार संघ उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा।
ज्ञापन में संघ ने कहा कि प्रदेश के कोटवार अंग्रेजी शासनकाल से पीढ़ी-दर-पीढ़ी शासन-प्रशासन एवं आम जनता की सेवा करते आ रहे हैं, लेकिन आज तक उन्हें नियमित कर्मचारी का दर्जा नहीं मिला है। वर्तमान में मिलने वाले पारिश्रमिक से परिवार का भरण-पोषण करना कठिन हो गया है। लंबे समय तक सेवा देने के बाद भी सेवानिवृत्ति, मृत्यु अथवा त्यागपत्र की स्थिति में उन्हें पेंशन, ग्रेच्युटी सहित अन्य शासकीय सुविधाओं का लाभ नहीं मिल पाता, जिससे कोटवारों और उनके परिवारों को आर्थिक व सामाजिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
संघ ने अपने ज्ञापन में सर्वोच्च न्यायालय के उस निर्णय का भी उल्लेख किया, जिसमें विभिन्न विभागों में लंबे समय से कार्यरत अस्थायी कर्मचारियों को नियमित करने संबंधी निर्देश दिए गए हैं।
इसी आधार पर कोटवारों का नियमितीकरण करते हुए उन्हें राजस्व विभाग में संविलियन करने की मांग रखी गई। साथ ही वर्तमान पारिश्रमिक को महंगाई के अनुरूप बढ़ाने की मांग भी की गई। संघ ने मांग की कि जिन कोटवारों को वर्तमान में 6 हजार रुपये प्रतिमाह मिल रहे हैं, उनका पारिश्रमिक बढ़ाकर 15 हजार रुपये किया जाए। इसी प्रकार अन्य श्रेणियों के कोटवारों का मानदेय क्रमश: 12 हजार, 10 हजार एवं 8 हजार रुपये प्रतिमाह निर्धारित किया जाए।
ज्ञापन में कोटवारी नियुक्ति प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं और भ्रष्टाचार का भी मुद्दा उठाया गया। संघ का आरोप है कि नियमों में वंशानुगत प्राथमिकता का प्रावधान होने के बावजूद कई स्थानों पर गैर-वंशजों की नियुक्ति की जा रही है, जिससे वास्तविक पात्र परिवारों को न्यायालयों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। संघ ने मांग की कि कोटवार पद पर नियुक्ति में सेवानिवृत्त अथवा दिवंगत कोटवार के परिवार के सदस्यों को प्राथमिकता दी जाए तथा अनियमित नियुक्तियों में शामिल अधिकारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए।