कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोंडागांव, 30 जून। आज पुलिस अधीक्षक कार्यालय कोण्डागांव में पुलिस विभाग में दीर्घकालीन एवं उत्कृष्ट सेवाएं प्रदान करने के उपरांत सेवानिवृत्त हुए अधिकारियों एवं कर्मचारियों के सम्मान में गरिमामय विदाई समारोह का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक कोण्डागांव पंकज चंद्रा ने सेवानिवृत्त अधिकारी एवं कर्मचारियों उप निरीक्षक धीरेन्द्र ठाकुर, उप निरीक्षक केजूराम कुमेटी तथा प्रधान आरक्षक ग्रेगोरी केरकेट्टा को शॉल, श्रीफल एवं स्मृति-चिन्ह भेंट कर उनके उत्कृष्ट सेवाकाल के लिए सम्मानित किया तथा उनके स्वस्थ, सुखद एवं मंगलमय भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
पुलिस अधीक्षक श्री चंद्रा ने कहा कि पुलिस सेवा केवल एक नौकरी नहीं बल्कि समाज एवं राष्ट्र के प्रति समर्पण का दायित्व है। सेवानिवृत्त अधिकारी एवं कर्मचारियों ने अपने सेवाकाल में कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन, ईमानदारी एवं समर्पण का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया है। उनके अनुभव एवं कार्यशैली आने वाली पीढ़ी के पुलिसकर्मियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेंगे।
समारोह के दौरान सेवानिवृत्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने अपने सेवाकाल के अनुभव साझा करते हुए विभाग द्वारा दिए गए सम्मान एवं सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया तथा सभी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का संदेश दिये ।
कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी सेवानिवृत्त साथियों के साथ बिताए गए कार्यकाल को स्मरण करते हुए उनके उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु एवं सुखमय जीवन की कामना की।
विदाई समारोह में पुलिस कार्यालय एवं जिले के विभिन्न शाखाओं के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।