कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 28 जून। रविवार को प्रदेश स्तर के साथ-साथ कोण्डागांव जिले में भी राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ किया गया। अभियान की शुरुआत विधायक लता उसेंडी द्वारा चिपावंड और आयुष्मान आरोग्य मंदिर डोंगरीगुढ़ा के आश्रित ग्राम फरसगांव में बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाकर की गई। इस अवसर पर बच्चों को पोशाक का भी वितरण किया गया।
अभियान के शुभारंभ के दौरान बफना पंचायत की सरपंच सूरज नेताम, क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, पंच और नागरिक उपस्थित थे। इसके साथ ही प्रशासनिक और विभागीय अधिकारियों में जिला पंचायत सीईओ अविनाश भोई, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आर. के. चतुर्वेदी, खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. हरेंद्र बघेल, जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. प्रतीक चौधरी, प्रभारी चिकित्सा अधिकारी आशुतोष मिश्रा, बी.ई.टी.ओ. सुनीता सरकार, सेक्टर सुपरवाइजर श्री हरीश जायसवाल, देवकी देवांगन और स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी उपस्थित रहे।
खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. हरेंद्र बघेल एवं विकासखंड कार्यक्रम प्रबंधक नीरज सोरी द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार कोण्डागांव विकासखंड के अंतर्गत 0 से 5 वर्ष तक के कुल 30,966 बच्चों को चिन्हित किया गया है।
शत-प्रतिशत कवरेज सुनिश्चित करने के लिए शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में कुल 234 पोलियो बूथ बनाए गए हैं। बूथों पर कुल 468 कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है, जिनमें स्वास्थ्य कर्मचारियों के साथ-साथ मितानिन और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को शामिल किया गया है।
बूथों की मॉनिटरिंग के लिए सेक्टर स्तर से 26 स्वास्थ्य पर्यवेक्षकों को तैनात किया गया है। साथ ही विकासखंड स्तर पर गठित टीम द्वारा भी बूथों का निरीक्षण किया जा रहा है।
शहरी क्षेत्र के सभी वार्डों के अलावा बाजार स्थल, बस स्टैंड, मर्दापाल नाका और रायपुर नाका में भी कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है, ताकि कोई भी बच्चा दवा पीने से न छूटे। स्वास्थ्य टीम को निर्देशित किया गया है कि प्रत्येक पोलियो बूथ पर स्थानीय जन प्रतिनिधियों के माध्यम से अभियान का शुभारंभ कराया जाए।