कोण्डागांव

शाला प्रवेशोत्सव में विधायक ने बच्चों का किया उत्साहवर्धन
26-Jun-2026 9:56 PM
शाला प्रवेशोत्सव में विधायक ने बच्चों का किया उत्साहवर्धन

अस्पताल पहुंचकर मरीजों का जाना हालचाल

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

केशकाल, 26 जून। केशकाल विधानसभा क्षेत्र के विधायक नीलकंठ टेकाम ने बुधवार को शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में सक्रियता दिखाते हुए एक ओर सालेभाट में आयोजित विकासखंड स्तरीय शाला प्रवेशोत्सव में शामिल होकर विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया, वहीं दूसरी ओर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र केशकाल पहुंचकर अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और भर्ती मरीजों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना।

सालेभाट में आयोजित विकासखंड स्तरीय शाला प्रवेशोत्सव सत्र 2026-27 के कार्यक्रम में विधायक नीलकंठ टेकाम मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्राम पंचायत सालेभाट की सरपंच अंजू तुलेस नेताम ने की। इस दौरान नवप्रवेशी छात्र-छात्राओं का स्वागत किया गया तथा पात्र छात्राओं को नि:शुल्क सरस्वती साइकिल योजना के तहत साइकिल का वितरण किया गया।

कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए विद्यालय परिसर में पौधरोपण भी किया गया। साथ ही ब्लॉक एवं जिला स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर क्षेत्र का नाम रोशन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।

इसके बाद विधायक नीलकंठ टेकाम ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र केशकाल पहुंचकर विभिन्न वार्डों का निरीक्षण किया। उन्होंने भर्ती मरीजों और उनके परिजनों से चर्चा कर उपचार, दवाइयों की उपलब्धता एवं स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली। साथ ही जनऔषधि केंद्र का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध दवाओं की स्थिति की समीक्षा भी की।

विधायक टेकाम ने कहा कि शिक्षा और स्वास्थ्य किसी भी समाज की प्रगति के दो मजबूत स्तंभ हैं। हमारी सरकार बच्चों को बेहतर शिक्षा और मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और अस्पतालों में बेहतर उपचार मिले, इसके लिए मैं लगातार क्षेत्र का दौरा कर व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहा हूं। हमारा प्रयास है कि केशकाल विधानसभा का हर नागरिक विकास की मुख्यधारा से जुड़े और उन्हें शासन की योजनाओं का पूरा लाभ मिले।

कार्यक्रमों में शिक्षा विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, शिक्षक-शिक्षिकाएं, पालकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। वहीं अस्पताल निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी भी मौजूद रहे।


अन्य पोस्ट