कोण्डागांव
कोंडागांव, 25 जून। गायत्री परिवार रचनात्मक ट्रस्ट, दंडकारण्य आश्रम चिखलपुटी केंद्रीय कार्यालय कोंडागांव में गायत्री जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित भव्य कार्यक्रम संपन्न हुआ। कार्यक्रम में बस्तर संभाग के सातों जिलों - कोंडागांव, बस्तर, कांकेर, नारायणपुर, दंतेवाड़ा, सुकमा एवं बीजापुर से सैकड़ों परिजनों ने भाग लिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कांकेर सांसद भोजराज नाग, बस्तर सांसद महेश कश्यप, कोंडागांव विधायक लता उसेंडी एवं नगर पालिका अध्यक्ष नरपति पटेल मंचस्थ रहे।
कांकेर सांसद ने आश्रम के विकास कार्यों हेतु सांसद निधि से तत्काल 20 लाख रुपए की घोषणा की। उन्होंने कहा कि गायत्री परिवार का राष्ट्र निर्माण में योगदान अतुलनीय है। दंडकारण्य आश्रम बस्तर के लिए तीर्थ बन रहा है।
बस्तर सांसद का भी आगमन हुआ। उन्होंने आश्रम में संचालित समस्त शिक्षा, स्वावलंबन, औषधि एवं रचनात्मक प्रकल्पों के लिए हर संभव मदद करने का भरोसा दिया। साथ ही आगामी समय में सांसद निधि से 50 लाख रुपए की राशि देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि आश्रम द्वारा चलाए जा रहे नशामुक्ति एवं जैविक खेती के अभियान से पूरा बस्तर लाभान्वित हो रहा है।
कोंडागांव विधायक लता उसेंडी ने आश्रम के विभिन्न प्रोजेक्टों के प्रस्ताव मुख्यमंत्री के समक्ष रखकर विशेष सहयोग दिलाने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर केंद्रीय कार्यालय में भव्य दिव्य मंदिर निर्माण एवं विभिन्न रचनात्मक प्रकल्पों की आधारशिला रखी गई। बस्तर संभाग के सातों जिलों से आए ट्रस्टियों ने तन-मन-धन से केंद्रीय कार्यालय के प्रोजेक्टों के क्रियान्वयन का संकल्प लिया।कार्यक्रम में आश्रम प्रमुख श्री महाप्राण, बालसिंग नेताम, रमेश साहू, धनु पटेल, शंभू नाथ चांदेकर, युवा प्रभाग के गुलेंद्र पटेल, जितेंद्र सोरी, जीवन पाण्डे, आदि उपस्थित रहे।