कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 22 जून। अखिल विश्व गायत्री परिवार जिला कोण्डागांव द्वारा संचालित चिखलपुट्टी स्थित आश्रम में 23 और 24 जून को जिला स्तरीय गायत्री जयंती, धर्म सभा एवं सांस्कृतिक समागम का आयोजन किया जा रहा है। दो दिनों तक चलने वाले इस कार्यक्रम में जिले भर से श्रद्धालुओं, जनप्रतिनिधियों और प्रबुद्ध जनों के शामिल होने की संभावना है।
कार्यक्रम प्रभारी जीवन पांडे ने बताया कि इस महापर्व को जिला स्तर पर आयोजित करने का मूल उद्देश्य शांतिकुंज हरिद्वार की कार्ययोजना के तहत चिखलपुट्टी स्थित आश्रम में चलाई जा रही विविध सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों का विस्तार करना है।
संगठन के अनुसार, यह आश्रम बस्तर संभाग के सातों जिलों के लिए एक केंद्र के रूप में कार्य करेगा, जिसके माध्यम से निम्नलिखित गतिविधियों का संचालन किया जाना प्रस्तावित है-साधना आंदोलन और स्वास्थ्य संवर्धन। सामाजिक कुरीतियों का उन्मूलन एवं नशामुक्ति अभियान। स्वावलंबन, नारी जागरण और पर्यावरण संवर्धन। गुरुकुल आधारित शिक्षण संस्थान का संचालन और लोकसेवियों के लिए प्रशिक्षण सत्र।
आयोजन समिति द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार दो दिनों तक विभिन्न सत्र संपन्न होंगे
23 जून को कार्यक्रम की शुरुआत मोटरसाइकिल शोभायात्रा से होगी। इसके बाद संध्याकालीन सत्र में संगीत और प्रवचन का आयोजन किया जाएगा, जिसके पश्चात 12 घंटे का अखंड जप प्रारंभ होगा।
24 जून को सुबह पूजन के साथ नौ कुंडीय गायत्री महायज्ञ संपन्न कराया जाएगा।
इसके बाद विशिष्ट अतिथियों की उपस्थिति में धर्म सभा एवं सांस्कृतिक समागम का आयोजन होगा।
इस अवसर पर गायत्री परिवार की संस्थापिका के जन्म शताब्दी संकल्पों को साकार करने के लिए शपथ ली जाएगी और नवयुग के संविधान का सामूहिक वाचन किया जाएगा। दोपहर को सामूहिक भोज (प्रसाद) के बाद विदाई कार्यक्रम के साथ दो दिवसीय समागम का समापन होगा।