कोण्डागांव

विश्व योग दिवस पर सामूहिक योगाभ्यास, जनप्रतिनिधियों और अफसरों ने किया पौधारोपण
21-Jun-2026 10:27 PM
विश्व योग दिवस पर सामूहिक योगाभ्यास, जनप्रतिनिधियों और अफसरों ने किया पौधारोपण

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोण्डागांव, 21 जून। 12वें विश्व योग दिवस के अवसर पर रविवार सुबह जिला मुख्यालय स्थित शासकीय कन्या महाविद्यालय में सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कांकेर सांसद भोजराज नाग, कोण्डागांव विधायक लता उसेंडी, नगर पालिका अध्यक्ष नरपति पटेल, उपाध्यक्ष जसकेतु उसेंडी, कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना, पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा तथा जिला पंचायत सीईओ अविनाश भोई सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं नागरिक उपस्थित रहे। इस दौरान 500 से अधिक लोगों ने एक साथ योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संदेश दिया।

कार्यक्रम के समापन पर विभिन्न समूहों, सामाजिक संगठनों एवं योग प्रशिक्षकों को योग के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। योगाभ्यास के बाद नशा मुक्ति अभियान के तहत उपस्थित सभी ने नशा मुक्ति की शपथ दोहराई। इसके बाद मुख्य अतिथियों ने एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण और हरियाली बढ़ाने का संदेश दिया। आयोजन के दौरान योग को स्वस्थ जीवनशैली का आधार बताते हुए नियमित योगाभ्यास अपनाने की अपील की गई।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों एवं आम नागरिकों की सहभागिता रही, जिससे पूरे परिसर में उत्साह और अनुशासन का माहौल देखने को मिला।


अन्य पोस्ट