कोण्डागांव

कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच हुई नीट परीक्षा
21-Jun-2026 10:23 PM
कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच हुई नीट परीक्षा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोण्डागांव, 21 जून। राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी द्वारा आयोजित राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट-यूजी) का आयोजन रविवार को जिला मुख्यालय कोण्डागांव के दो परीक्षा केंद्रों में शांतिपूर्ण एवं कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच संपन्न हुआ। एमबीबीएस, बीडीएस एवं आयुष पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए आयोजित इस परीक्षा में कुल 629 पंजीकृत हैं। परीक्षा दोपहर 2 से शाम 5.15 बजे तक आयोजित की गई। परीक्षा केंद्रों में अभ्यर्थियों के प्रवेश से पूर्व बायोमेट्रिक सत्यापन एवं सघन जांच की व्यवस्था की गई थी।

परीक्षा को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए केंद्रों में मेटल डिटेक्टर, सिग्नल जैमर, सीसीटीवी कैमरे तथा अन्य सुरक्षा संसाधन तैनात किए गए थे। पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा ने बताया कि, दोनों परीक्षा केंद्रों पर पिछले दो दिनों से 24 घंटे सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई थी। केंद्रों में डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर एवं हैंड हेल्ड मेटल डिटेक्टर के माध्यम से फ्रिस्किंग की गई तथा केवल बायोमेट्रिक सत्यापन के बाद ही प्रवेश दिया गया। वहीं कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना ने बताया कि दोनों केंद्रों में परीक्षार्थियों की संख्या के अनुरूप सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई थीं। सुरक्षा की दृष्टि से जैमर, सीसीटीवी कैमरे और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं, जिससे परीक्षा का संचालन सुचारू रूप से संपन्न हो सका।


अन्य पोस्ट