कोण्डागांव
22 वार्डों में चल रही जांच
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 21 जून। कोण्डागांव जिले को टी.बी. (क्षय रोग) मुक्त बनाने तथा नशापान करने वाले व्यक्तियों में स्वास्थ्य जांच और जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग द्वारा ‘निक्षय निरामय कार्यक्रम’ के तहत विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत नगर के सभी 22 वार्डों में टी.बी. एवं नशापान करने वाले व्यक्तियों की पहचान कर उनकी जांच की जा रही है।
स्वास्थ्य विभाग ने शहरी क्षेत्र कोण्डागांव में 1000 लोगों की जांच का लक्ष्य निर्धारित किया है। इसके तहत 19 से 25 जून तक एक्स-रे जांच अभियान चलाया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य टी.बी. रोगियों की शीघ्र पहचान कर समय पर उपचार सुनिश्चित करना है।
यह अभियान मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आर.के. चतुर्वेदी तथा खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. हरेन्द्र बघेल के मार्गदर्शन में संचालित हो रहा है। अभियान के सफल संचालन में सेक्टर प्रभारी प्रफुल देवांगन, सेक्टर सुपरवाइजर नवीन बिसोई, लिपि चंद्राकर सहित स्वास्थ्य विभाग की टीम, आरएचओ, सीएचओ एवं मितानिनों की महत्वपूर्ण भूमिका है। अभियान के पहले दिन नहरपारा वार्ड में 52 तथा सरगीपाल वार्ड में 43 लोगों का एक्स-रे किया गया।