कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 21 जून। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर शासकीय गुण्डाधुर स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कोंडागांव में प्राचार्य डॉ. सरला आत्राम के मार्गदर्शन एवं निर्देशन में प्रात: 7 से 8 बजे तक सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम का भव्य एवं सफल आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ योग के महत्व एवं उसके बहुआयामी लाभों पर आधारित प्रेरणादायी परिचर्चा से हुआ। इस अवसर पर प्रभारी प्राचार्य डॉ. किरण नूरूटी, वरिष्ठ प्राध्यापक शोभाराम यादव, लोचन सिंह वर्मा, महाविद्यालय के समस्त अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे। सभी प्रतिभागियों ने योगाभ्यास में सहभागिता निभाई। योगाभ्यास सत्र का संचालन महाविद्यालय के क्रीड़ा अधिकारी श्री हुमन राम यदु द्वारा किया गया।
उन्होंने प्रतिभागियों को कॉमन योगा प्रोटोकॉल के अंतर्गत विभिन्न योगासनों का अभ्यास कराया।
उन्होंने बताया कि नियमित योगाभ्यास व्यक्ति को शारीरिक रूप से स्वस्थ, मानसिक रूप से सशक्त तथा भावनात्मक रूप से संतुलित बनाता है। योग तनाव, चिंता एवं अवसाद को कम करने के साथ-साथ आत्मविश्वास, एकाग्रता तथा सकारात्मक दृष्टिकोण के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
वक्ताओं ने कहा कि योग भारत की प्राचीन सांस्कृतिक धरोहर होने के साथ-साथ संपूर्ण मानवता को स्वस्थ जीवन का संदेश देने वाली अमूल्य विरासत है। आज विश्व के अनेक देशों में योग को अपनाया जा रहा है, जो भारत की ज्ञान परंपरा की वैश्विक स्वीकार्यता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि शरीर, मन और आत्मा के मध्य सामंजस्य स्थापित करने वाली एक समग्र जीवन-पद्धति है।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में महाविद्यालय के क्रीड़ा विभाग एवं राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई के स्वयंसेवकों का उल्लेखनीय योगदान रहा। स्वयंसेवकों ने कार्यक्रम स्थल की व्यवस्था, प्रतिभागियों के मार्गदर्शन, अनुशासन बनाए रखने तथा आयोजन को सुव्यवस्थित एवं सफलतापूर्वक संपन्न कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
इस अवसर पर सभी प्रतिभागियों ने नियमित रूप से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का अभिन्न अंग बनाने तथा समाज में योग के प्रति जागरूकता प्रसारित करने का संकल्प लिया।