कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 20 जून। विश्रामपुरी पुलिस ने नाबालिग लडक़ी से शादी का झांसा देकर रेप करने के आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, नाबालिग पीडि़ता ने 18 जून को थाना विश्रामपुरी में एक लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के मुताबिक, मार्च 2025 में मोबाइल फोन के माध्यम से उसका परिचय आरोपी पिंटू शोरी से हुआ था।
आरोप है कि 17 अप्रैल 2025 को जब पीडि़ता विश्रामपुरी मेला देखने आई थी, तब आरोपी उसे बहला-फुसलाकर अपनी मोटरसाइकिल पर बैठाकर गरांजीडिही के एक स्कूल परिसर में ले गया। वहाँ आरोपी ने पीडि़ता को शादी का झांसा देकर उसकी मर्जी के खिलाफ कथित तौर पर शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद आरोपी ने किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी भी दी थी, जिसके डर से पीडि़ता ने शुरुआत में किसी को कुछ नहीं बताया। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि इसके बाद भी आरोपी ने अलग-अलग मौकों पर बुलाकर पीडि़ता का शारीरिक शोषण किया। पीडि़ता की रिपोर्ट के आधार पर विश्रामपुरी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अपराध दर्ज किया।
थाना प्रभारी निरीक्षक शंकर लाल ध्रुव के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी पिंटू उर्फ भूपेंद्र शोरी ग्राम गरांजीडिही, थाना विश्रामपुरी को 19 जून की दोपहर में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस द्वारा आगे की संपूर्ण वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।